हिमाचल में रक्षाबंधन पर 28 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश, महिलाओं के लिए बस यात्रा मुफ्त

Ads

हिमाचल में रक्षाबंधन पर 28 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश, महिलाओं के लिए बस यात्रा मुफ्त

  •  
  • Publish Date - August 27, 2026 / 09:39 PM IST,
    Updated On - August 27, 2026 / 09:39 PM IST

(फोटो के साथ)

शिमला, 27 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन के अवसर पर 28 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस दौरान राज्य के सभी सरकारी कार्यालय, स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में अवकाश की घोषणा करते हुए कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का उत्सव है और यह निर्णय यह सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है कि बहनों को सुबह अपने भाइयों के पास पहुंचने के लिए जल्दबाजी न करनी पड़े।

अधिकारियों ने बताया कि पहले रक्षाबंधन के अवसर पर केवल महिला कर्मचारियों को अवकाश मिलता था, जबकि पुरुष कर्मचारी काम करते थे। इस वर्ष सभी सरकारी कर्मचारियों को अवकाश दिया जाएगा, ताकि परिवार मिलकर त्योहार मना सकें।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को राज्य के सभी सरकारी कार्यालय, स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फैसले का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि त्योहार के दिन भाइयों को स्कूल या काम के लिए सुबह जल्दी घर से निकलने की मजबूरी न हो।

हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने भी 28 अगस्त को राज्यभर में साधारण बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की घोषणा की है।

एचआरटीसी की ओर से जारी एक परिपत्र के अनुसार, यह सुविधा सूर्योदय से सूर्यास्त तक उपलब्ध रहेगी।

अधिकारियों ने कहा कि इस सुविधा से महिलाएं सरकारी बसों में बिना किराया दिए अपने भाइयों के घर जा सकेंगी और वापस लौट सकेंगी।

राज्यपाल कविंदर गुप्ता और मुख्यमंत्री सुक्खू ने रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

भाषा रवि कांत सुरेश

सुरेश