ऑस्ट्रेलियाई नागरिक अमृतसर में लापता, बेटी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मदद की अपील की

Ads

ऑस्ट्रेलियाई नागरिक अमृतसर में लापता, बेटी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मदद की अपील की

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 04:00 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 04:00 PM IST

चंडीगढ़, दो जून (भाषा) पंजाब में लापता हुए ऑस्ट्रेलियाई नागरिक और माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक सुनील शर्मा की बेटी ने अपने पिता का पता लगाने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मदद की अपील की।

भारत की यात्रा पर आए 66 वर्षीय सुनील शर्मा 22 मई को अमृतसर में लापता हो गए। वे वहां एक संपत्ति की बिक्री के सिलसिले में आए थे। शर्मा का मोहाली में भी एक घर है। उनका परिवार वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया में रह रहा है।

आस्ट्रेलिया से परिजन उनके साथ संपर्क नहीं कर पा रहे थे, क्योंकि 22 मई से उनका मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा था।

यह मामला आस्ट्रेलियाई मीडिया ने भी उठाया है।

अमृतसर ग्रामीण पुलिस की जांच के अनुसार, सुनील शर्मा के भाई सनी शर्मा इस मामले में मुख्य संदिग्ध हैं। सनी अपने परिवार के साथ फरार है।

एक वीडियो संदेश में सुनील शर्मा की बेटी सुरभि शर्मा ने पंजाब के मुख्यमंत्री से अपने पिता को ढूंढने में मदद करने की अपील की।

सुरभि ने कहा, ‘मैं अपने पिता की वापसी के लिए मदद मांग रही हूं। मेरे पिता 22 मई से अमृतसर से लापता हैं। हमें अभी तक उनके बारे में कोई जानकारी नहीं है। उनका फोन बंद है।’

उन्होंने बताया कि उनके पिता ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में गणित के शिक्षक थे। सुरभि ने कहा, ‘मेरे पिता पंजाबी हैं और उन्हें पंजाब से बहुत प्यार है। उन्हें पंजाब से इतना प्यार था कि उन्होंने वहां संपत्ति खरीदने के लिए निवेश किया।’

सुरभि ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्य सरकार से अनुरोध किया कि वे अपने संसाधनों का उपयोग कर उन्हें ढूंढने में मदद करें। उन्होंने कहा कि उनके पिता अमृतसर में संपत्ति पर पुताई का काम करवाने गए थे।

अमृतसर पुलिस ने इस मामले में अपहरण का मामला दर्ज किया है।

कांबो थाना प्रभारी शमशेर सिंह ने बताया, ‘सनी अपने परिवार के साथ फरार है। हम उसे जल्द ही पकड़ लेंगे।’

अधिकारी ने बताया कि सनी हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम और आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में भी फरार है।

भाषा

प्रचेता पवनेश

पवनेश