अहमदाबाद, तीन मई (भाषा) गुजरात के अहमदाबाद में रविवार को राजमार्ग पर लोहे का बैरिकेड गिरने से एक ऑटो रिक्शा पलट गया, जिससे 46 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सरखेज-गांधीनगर राजमार्ग पर मकरबा क्षेत्र में सुबह करीब सवा नौ बजे हुई।
उन्होंने बताया कि बिहार के रहने वाले श्रमिक अजय महतो की मौत हो गई और रंजन मंडल, दिनेश मंडल और संजीव धानुर घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, सड़क पर चल रही एक बस के कारण तेज हवा का दबाव बना, जिससे निर्माणाधीन पुल के लिए लगाए गए लोहे के बैरिकेड में से एक चलती हुई ऑटो रिक्शा पर गिर गया।
उन्होंने बताया कि टक्कर के कारण वाहन पलट गया।
अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में हुई मौत का मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
भाषा
शुभम रंजन
रंजन