बदायूं दोहरे हत्याकांड मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिये: सांसद आदित्य यादव

Ads

बदायूं दोहरे हत्याकांड मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिये: सांसद आदित्य यादव

  •  
  • Publish Date - March 15, 2026 / 06:10 PM IST,
    Updated On - March 15, 2026 / 06:10 PM IST

बदायूं, 15 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के बदायूं से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद आदित्य यादव ने दोहरे हत्याकांड को लेकर कहा कि मामले की जांच केंद्रीय अन्वषण ब्यूरो (सीबीआई) या सीबीसीआईडी से कराई जानी चाहिए ताकि पता चल सके कि किस जनप्रतिनिधि का आरोपी को संरक्षण था।

अधिकारियों के मुताबिक, घटना मूसाझाग थाना क्षेत्र के सजनी गांव में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के प्लांट में हुई।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान प्लांट के महाप्रबंधक (जीएम) सुधीर कुमार गुप्ता (58) और सहायक महाप्रबंधक हर्षित मिश्रा (34) के रूप में हुई।

यादव ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा नहीं दी, जिससे उनकी हत्या हो गई।

उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपनी सुरक्षा के लिए जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया था लेकिन किसी जन प्रतिनिधि के प्रभाव में सुरक्षा नहीं दी गई।

आदित्य यादव ने आरोपी अजय प्रताप की गिरफ्तारी और आत्मसमर्पण पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने कॉल विवरण तक की जांच नहीं की कि आरोपी किस जनप्रतिनिधि के संपर्क में था।

सांसद ने कहा कि घटना में थाना अध्यक्ष समेत प्रशासन के लोग और कंपनी के कर्मचारी भी दोषी हैं।

सपा सांसद ने कहा कि बरामदगी में दिखाए गए हथियार से दोहरे हत्याकांड को अंजाम देना नामुमकिन है और उन्होंने स्वचलित हथियारों का प्रयोग होने की आशंका जताई।

उन्होंने कहा कि इस हत्याकांड के बाद विदेशी निवेशकों में खौफ पनपेगा।

आदित्य यादव ने दारोगा भर्ती परीक्षा में पूछे गए विवादित प्रश्न पत्र को लेकर भी सरकार को घेरा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ब्राह्मण समाज के लिए कुकृत्य कर रही है।

सांसद ने कहा कि जिसने यह सवाल बनाया और जहां से यह सवाल आया, उन पर कार्रवाई होनी चाहिए।

इसके पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र