आईजीआई हवाई अड्डे पर बांग्लादेशी नागरिक एक किलो सोना जब्त किए जाने के बाद गिरफ्तार

Ads

आईजीआई हवाई अड्डे पर बांग्लादेशी नागरिक एक किलो सोना जब्त किए जाने के बाद गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 01:47 PM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 01:47 PM IST

नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर एक बांग्लादेशी नागरिक के पास से 1.88 करोड़ रुपये मूल्य का एक किलो से अधिक सोना बरामद किया गया जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एक आधिकारिक बयान में बुधवार को यह जानकारी दी गई।

बयान के अनुसार, यह व्यक्ति 12 सितंबर को जेद्दा से आया था और उसे ढाका के लिए यात्रा करनी थी तभी टर्मिनल-तीन के अंतरराष्ट्रीय पारगमन क्षेत्र में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने उसे रोका।

इस बयान में कहा गया कि सघन जांच के दौरान पाया कि सोना तीन कैप्सूल में रासायनिक पेस्ट के रूप में रखा हुआ था और इन कैप्सूल को आरोपी ने अंतःवस्त्र में छिपा रखा था।

पैकिंग सहित कैप्सूल का कुल वजन लगभग 1,596 ग्राम था।

बयान में कहा गया कि यात्री को विमान से उतारकर हवाईअड्डे पर सीमा शुल्क विभाग के दल के पास ले जाया गया। जांच में 1,346 ग्राम वजन की सोने की दो छड़ें निकाली गईं, जिनकी कीमत 1.8 करोड़ रुपये बताई गई है।

बयान के मुताबिक, पूछताछ के दौरान यात्री ने स्वीकार किया कि उसे यह सोना पारगमन क्षेत्र के भीतर ही एक जानकार को सौंपना था।

बयान में कहा गया कि सोना जब्त कर लिया गया है और सीमा शुल्क अधिनियम के प्रावधानों के तहत यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है।

भाषा खारी मनीषा

मनीषा