बीएपी नेता के भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
बीएपी नेता के भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
जयपुर, 14 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में आदिवासी पार्टी (बीएपी) के नेता के भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अनिल (28) के रूप में हुई ।
बीएपी नेता अशोक निनामा ने उनके भाई की पीट-पीटकर कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने बताया कि बांसलीखेड़ा गांव निवासी अनिल सोमवार देर रात अपने घर से करीब छह किलोमीटर दूर खेड़ा थाना क्षेत्र के कालिमगरा के पास झाड़ियों में घायल अवस्था में मिला।
उसने बताया कि उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घाटोल के पुलिस उपाधीक्षक महेंद्र मेघवंशी ने बताया कि पुलिस प्रेम प्रसंग सहित सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘युवक घायल अवस्था में मिला था और उसका बयान भी दर्ज किया गया। सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।’’
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि घटना की सूचना अशोक निनामा को गांव के सरपंच ने दी थी।
बांसवाड़ा के पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने कहा कि मौत का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
उन्होंने बताया, ‘‘इस स्तर पर कोई निष्कर्ष निकालना संभव नहीं है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) भी खंगाले जा रहे हैं।’’
जोशी ने बताया कि अनिल विवाहित था और उसके दो बच्चे हैं।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा बाकोलिया खारी
खारी

Facebook


