डीबीटी से योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद तक पहुंचा: भजनलाल शर्मा
डीबीटी से योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद तक पहुंचा: भजनलाल शर्मा
जयपुर, एक जुलाई (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को कहा कि केंद्र सरकार की प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) पहल के माध्यम से हर योजना का लाभ सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में पहुंचा है।
मुख्यमंत्री ने राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर(आरआईसी) में दो दिवसीय 29वें राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा प्रौद्योगिकी केवल सुविधा का साधन न होकर सामाजिक समावेशन एवं जनकल्याण का प्रमुख माध्यम बननी चाहिए।
उन्होंने कहा कि डिजिटल शासन का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी नागरिक विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से हर योजना का लाभ सीधे लाभार्थी के खाते में पहुंचाया है। जन-धन, आधार और मोबाइल के जरिये बिचौलियों का दखल खत्म किया और डिजिटल इंडिया जैसी पहल कर तकनीक को आर्थिक विकास का साधन बनाया।”
उन्होंने कहा कि यूपीआई आज लेनदेन का आसान जरिया बन चुका है और शासन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी, उत्तरदायी और नागरिक-केंद्रित बनाने में कृत्रिम बुद्धिमता, डेटा विश्लेषण, डिजिटल ढांचा और साइबर सुरक्षा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
भाषा बाकोलिया जोहेब
जोहेब

Facebook


