कोलकाता, 17 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के आसनसोल शहर के कलाकार सुशांत रॉय ने करीब दो महीने की कड़ी मेहनत से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आदमकद मोम की प्रतिमा बनाई है, जिसे बृहस्पतिवार को कोलकाता के लिए रवाना किया गया।
कलाकार की इच्छा थी कि वह प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिन पर यह प्रतिमा उन्हें व्यक्तिगत रूप से भेंट करें, लेकिन यह इच्छा अधूरी रह गई।
रॉय को उम्मीद थी कि वह खुद मोदी को यह प्रतिमा सौंपेंगे, लेकिन सरकारी प्रोटोकॉल के कारण वह प्रधानमंत्री से व्यक्तिगत रूप से नहीं मिल सके। अब इस प्रतिमा का अनावरण पश्चिम बंगाल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य की निगरानी में कोलकाता में किया जाएगा।
प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने रॉय को भरोसा दिलाया है कि अनावरण के बाद प्रतिमा को प्रधानमंत्री तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
रॉय ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मैंने कई साल पहले जयपुर के एक संग्रहालय के लिए मोदी जी की एक प्रतिमा बनाई थी। लेकिन बहुत से लोग उसे देख नहीं पाए। मैं चाहता था कि लोग मेरी कला को देख सकें और मैं ऐसा कुछ बनाऊं, जिसे मैं प्रधानमंत्री को व्यक्तिगत रूप से भेंट कर सकूं।’’
रॉय ने बताया कि उन्होंने इस प्रतिमा को इस तरह बनाना शुरू किया कि यह प्रधानमंत्री के जन्मदिन के आसपास तैयार हो जाए, ताकि उनसे मुलाकात कर प्रतिमा को व्यक्तिगत रूप में भेंट कर सकें।
रॉय ने कहा, ‘‘मैंने इस प्रतिमा को बनाने में करीब दो महीने लगाए। मेरी इच्छा थी कि मैं प्रधानमंत्री के सामने खड़े होकर इसे उन्हें खुद सौंपूं। दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हो सका। अब समिक भट्टाचार्य ने मुझे बताया है कि प्रतिमा का अनावरण कोलकाता में किया जाएगा, इसलिए मैं इसे यहां ले आया हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अनावरण के बाद यह प्रतिमा कहां जाएगी, मुझे नहीं पता। मुझे बताया गया है कि पार्टी इसे अंततः प्रधानमंत्री तक पहुंचाने का प्रयास करेगी।’’
भाषा शफीक पारुल
पारुल