कोलकाता, 22 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य विभाग ने 12 जिलों के 64 सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों से चिकित्सीय उपकरणों की कथित चोरी को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
विभाग के अनुसार, उपकरणों की ऐसी चोरी 50 उप-स्वास्थ्य केंद्रों, 13 ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से सामने आई है।
एक अधिकारी ने बताया, ‘इस तरह की सबसे ज्यादा घटनाएं हावड़ा में सामने आई हैं, जहां 25 स्वास्थ्य केंद्रों से चिकित्सीय उपकरण गायब होने की खबर मिली है। इनमें से 18 मामले संकराईल ब्लॉक और सात मामले श्यामपुर-दो ब्लॉक से सामने आए हैं।’
ये उपकरण ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए (खासकर कोविड-19 महामारी के दौरान) राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 15वें वित्त आयोग से मिली निधि से 2021-22 के वित्तीय वर्ष में खरीदे गए थे।
करोड़ों रुपये की लागत वाले इन उपकरणों के उचित रखरखाव और सही इस्तेमाल सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने 2024 में जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को पत्र भी लिखा था।
राज्य स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए इन उपकरणों की खरीद की गई थी और उन्हें आवंटित किया गया था।
अधिकारी ने कहा, ‘यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसे उपकरण चोरी हो गए हैं। जिन लोगों के पास इस सामान की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, जवाबदेही उन्हीं की तय होगी।’
अधिकारी ने कहा, ‘विभाग ने साफ कर दिया है कि अगर किसी की लापरवाही साबित होती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने में कोई ढील नहीं बरती जाएगी। जरूरत पड़ने पर जिम्मेदार पाए जाने वाले कर्मचारियों के वेतन से इसकी भरपाई भी की जा सकती है।’
भाषा सुमित नरेश
नरेश