कोलकाता, 16 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को कहा कि राज्य में जनगणना के लिए स्व-गणना प्रक्रिया में 93.84 प्रतिशत सफलता दर दर्ज की गई है, जो देश में सबसे अधिक है।
अधिकारी ने राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ में संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने एक अगस्त को स्व-गणना प्रक्रिया शुरू की थी। अब हम देश के राज्यों की सूची में शीर्ष पर हैं। राज्य में सबसे अधिक 93,13,589 लोगों ने स्व-गणना के लिए पंजीकरण कराया है। हमने 93.84 प्रतिशत सफलता दर दर्ज की है, जो देश में सबसे अधिक है।’’
स्व-गणना सुविधा के तहत नागरिक जनगणना प्रक्रिया के तहत निर्धारित प्रक्रिया के जरिए अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं।
अधिकारी ने कहा कि ऊंची सफलता दर का यह मतलब नहीं है कि व्यक्तिगत शिकायतों या विसंगतियों को नजरअंदाज किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘अगर किसी मामले में कोई शिकायत या समस्या है, तो उसकी जांच की जाएगी। ऐसे मामलों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।’’
मुख्यमंत्री ने जनगणना के आंकड़ों की सटीकता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि इस प्रक्रिया के दौरान जुटाई गई जानकारी का असर सरकारी योजनाओं, कल्याणकारी कार्यक्रमों और प्रशासनिक निर्णय लेने पर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि स्व-गणना जैसी डिजिटल प्रक्रियाओं के जरिए नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी को उचित तरीके से दर्ज करने और उसका सत्यापन करने की जरूरत है।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप