भजनलाल शर्मा ने जयपुर मेट्रो फेज-2 की मंजूरी पर नरेन्द्र मोदी का जताया आभार

भजनलाल शर्मा ने जयपुर मेट्रो फेज-2 की मंजूरी पर नरेन्द्र मोदी का जताया आभार

भजनलाल शर्मा ने जयपुर मेट्रो फेज-2 की मंजूरी पर नरेन्द्र मोदी का जताया आभार
Modified Date: April 9, 2026 / 12:51 am IST
Published Date: April 9, 2026 12:51 am IST

जयपुर, आठ अप्रैल (भाषा) केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा जयपुर में मेट्रो फेज-2 एवं आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति द्वारा पचपदरा रिफाइनरी की संशोधित लागत को मंजूरी दिये जाने पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को इन ऐतिहासिक निर्णयों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।

एक बयान में शर्मा ने कहा कि इन अनुमोदनों से राज्य के समग्र विकास को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने कहा कि जयपुर मेट्रो फेज-2 के अन्तर्गत प्रहलादपुरा से टोडी मोड़ तक 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक कदम से जयपुर के शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी तथा आमजन को सुरक्षित एवं सुगम परिवहन सुविधा भी उपलब्ध हो सकेगी।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल के द्वारा जयपुर मेट्रो फेज-2 को मंजूरी दी है। इस कॉरिडोर में कुल 36 स्टेशन होंगे और परियोजना की कुल लागत 13037.66 करोड़ रुपये है। इस परियोजना का क्रियान्वयन राजस्थान मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा किया जाएगा, जो भारत सरकार और राजस्थान सरकार की 50:50 साझेदारी वाली संयुक्त कंपनी है।

फिलहाल जयपुर मेट्रो 11.64 किलोमीटर लंबे पूर्व-पश्चिम कॉरिडोर पर संचालित है, जो मानसरोवर से बड़ी चौपड़ तक है और इसमें 11 स्टेशन हैं। फेज-2 विस्तार से शहर का मेट्रो नेटवर्क काफी बढ़ेगा, यातायात जाम कम होगा और शहरी गतिशीलता में सुधार होगा।

शर्मा ने कहा कि मंत्रिमंडल समिति ने पचपदरा में एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी की संशोधित लागत 79,459 करोड़ रुपये को भी मंजूरी दी है।

उन्होंने कहा कि रिफाइनरी परियोजना न केवल राजस्थान बल्कि देश की ऊर्जा सुरक्षा को भी मजबूत करेगी और राज्य में औद्योगिक विकास को गति देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 25,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है, जिससे आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

भाषा बाकोलिया राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में