बिहार: नीतीश कुमार ने ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान 689 करोड़ रुपये की परियोजनाओं व योजनाओं की शुरुआत की
बिहार: नीतीश कुमार ने 'समृद्धि यात्रा' के दौरान 689 करोड़ रुपये की परियोजनाओं व योजनाओं की शुरुआत की
भभुआ/सासाराम (बिहार), 24 मार्च (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान मंगलवार को राज्य के कैमूर और रोहतास जिलों में लगभग 689 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं और योजनाओं की शुरुआत की।
राज्य में भारी बहुमत से सत्ता में वापसी के बाद मुख्यमंत्री कुमार की यह पहली राज्यव्यापी यात्रा है, जिसकी शुरुआत जनवरी में पश्चिम चंपारण जिले से हुई थी।
मंगलवार को मुख्यमंत्री ने परियोजनाओं की शुरुआत करने के साथ-साथ दोनों जिलों में जारी विकास योजनाओं की समीक्षा भी की।
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है, ‘मुख्यमंत्री ने कैमूर जिले में 209 करोड़ रुपये की 204 विकास परियोजनाओं/योजनाओं का शुरुआत की। इनमें 162 करोड़ रुपये की 161 परियोजनाओं/योजनाओं का उद्घाटन और 47 करोड़ रुपये की 43 परियोजनाओं की आधारशिला रखना शामिल है।’
जिले में, कुमार ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जीविका दीदियों को चेक, सतत आजीविका योजना के तहत ई-रिक्शा और दिव्यांग लाभार्थियों को बैटरी से चलने वाली तिपहिया साइकिलें वितरित कीं।
बयान के अनुसार ग्रामीण विकास विभाग के अधीन एक स्वायत्त निकाय, बिहार ग्रामीण आजीविका संवर्धन समिति (बीआरएलपीएस) के माध्यम से, राज्य सरकार विश्व बैंक समर्थित बिहार ग्रामीण आजीविका परियोजना (जिसे स्थानीय रूप से जीविका के नाम से जाना जाता है) आगे बढ़ा रही है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण गरीबों का सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण करना है।
इस परियोजना से जुड़ी महिलाओं को जीविका दीदी कहा जाता है।
मुख्यमंत्री ने जिले में कई विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की, जिनमें नए ब्लॉक-सह-सर्किल कार्यालय भवनों का निर्माण, अधौरा में एक डिग्री कॉलेज की स्थापना और बागही-कुराडी लिंक नहर परियोजना का जीर्णोद्धार शामिल है।
बाद में दिन में, कुमार ने रोहतास जिले में लगभग 480 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं और योजनाओं की शुरुआत की।
बयान में कहा गया है कि इनमें 159 करोड़ रुपये की 179 योजनाओं और परियोजनाओं का उद्घाटन और 321 करोड़ रुपये की 129 योजनाओं की आधारशिला रखना शामिल है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री और रोहतास जिला प्रभारी मंत्री सुनील कुमार, पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
भाषा अमित रंजन
रंजन

Facebook


