बीजद नेता प्रभात बिस्वाल मुख्यमंत्री माझी की मौजूदगी में भाजपा में शामिल

Ads

बीजद नेता प्रभात बिस्वाल मुख्यमंत्री माझी की मौजूदगी में भाजपा में शामिल

  •  
  • Publish Date - July 12, 2026 / 10:18 PM IST,
    Updated On - July 12, 2026 / 10:18 PM IST

भुवनेश्वर, 12 जुलाई (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल की मौजूदगी में, बीजू जनता दल के पूर्व विधायक प्रभात रंजन बिस्वाल रविवार को अपने समर्थकों के साथ सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।

इस साल मार्च में राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार के चयन का विरोध करने के कारण बिस्वाल को पार्टी से निकाल दिया गया था। बिस्वाल मास्टर कैंटीन स्क्वायर से एक जुलूस के रूप में अपने समर्थकों के साथ भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे।

बिस्वाल का भाजपा में स्वागत करते हुए माझी ने कहा, “यह बीजद के लिए एक बड़ा झटका है। बिस्वाल के आने से भाजपा मजबूत होगी और इसका असर पूरे कटक जिले पर पड़ेगा। प्रभात बाबू एक लोकप्रिय नेता हैं और उनके भाजपा में शामिल होने से कटक की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू होगा।”

सामल ने कहा कि बिस्वाल एक कुशल संगठनकर्ता हैं और उनके पार्टी में शामिल होने से तटीय इलाके में पार्टी को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

बीजद ने हालांकि भाजपा पर कड़ा प्रहार किया और चिट-फंड घोटाले के एक आरोपी को पार्टी में शामिल करने के लिए पार्टी का मजाक उड़ाया।

विपक्ष की मुख्य सचेतक और बीजद की वरिष्ठ नेता प्रमिला मलिक ने कहा, “बिस्वाल के भाजपा में शामिल होने का बीजद पर कोई असर नहीं पड़ेगा। वह एक ‘सड़ा हुआ अंडा’ (बेकार व्यक्ति) हैं। उन्होंने बीजद से सारे फायदे उठाए और अब भाजपा में शामिल हो गए हैं।”

बीजद के प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने कहा, “भाजपा ने चिट-फंड मामले के आरोपी व्यक्ति को अपनी पार्टी में शामिल किया है। इसी पार्टी ने 2024 के चुनावों से पहले ओडिशा के लोगों से वादा किया था कि वे चिट-फंड मामले के आरोपियों को सजा देंगे। अब, भाजपा चिट-फंड मामले के आरोपियों के लिए पनाहगाह बन गई है।”

ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा कि बिस्वाल के पार्टी में शामिल होने पर उन्हें उनकी सार्वजनिक छवि को ध्यान में रखते हुए कोई टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा, “भाजपा चोरों का अड्डा बन गई है। उन्होंने ओडिशा में चिट-फंड मामले के आरोपी व्यक्ति को शामिल किया है।”

भाषा प्रशांत दिलीप

दिलीप