वियतनाम नौका हादसा: केरल के दंपति के शव सोमवार को मुंबई लाए जाएंगे

Ads

वियतनाम नौका हादसा: केरल के दंपति के शव सोमवार को मुंबई लाए जाएंगे

  •  
  • Publish Date - July 12, 2026 / 10:33 PM IST,
    Updated On - July 12, 2026 / 10:33 PM IST

तिरूवनंतपुरम, 12 जुलाई (भाषा) वियतनाम में पर्यटक नौका हादसे में जान गंवाने वाले केरल के एक दंपति के पार्थिव शरीर सोमवार रात मुंबई लाए जाएंगे और उसके बाद उन्हें तिरुवनंतपुरम ले जाया जाएगा।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने रविवार को एक बयान में कहा कि कोल्लम जिले के कोट्टाराक्कारा के रहने वाले ए.सी. थॉमस (57) और उनकी पत्नी लोवेनी थॉमस (56) के पार्थिव शरीर को सोमवार रात करीब 10 बजे मुंबई हवाई अड्डे पर लाये जाने की उम्मीद है।

केरल सरकार की प्रवासी मामलों की एजेंसी, एनओआरकेए तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे से कोट्टाराक्कारा स्थित थॉमस परिवार के घर तक दंपति के पार्थिव शरीर को ले जाने की व्यवस्था का समन्वय करेगी।

राज्य सरकार ने शनिवार को पुष्टि की कि वियतनाम में पर्यटक नौका हादसे में मारे गए लोगों में यह दंपति भी शामिल है।

मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, शनिवार को हुए इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई।

भाषा सुभाष वैभव

वैभव