नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को शिक्षाविद् दीपक म्हस्के को पार्टी के सोशल मीडिया विभाग का प्रमुख नियुक्त किया। उन्होंने अमित मालवीय की जगह ली है, जो 11 वर्षों से भाजपा के सोशल मीडिया अभियान की कमान संभाल रहे थे।
मालवीय ने उनकी जगह लेने वाले, छत्तीसगढ़ के रसायन विज्ञान के प्रोफेसर म्हस्के के साथ-साथ पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों को भी बधाई दी।
मालवीय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उनकी नियुक्तियां ऐसे महत्वपूर्ण समय में हुई हैं, जब पार्टी नयी ऊंचाइयों को छूने और अपने संदेश एवं संगठन को देश के हर कोने तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं विशेष रूप से दीपक म्हस्के जी को बधाई देना चाहता हूं, जो भाजपा के सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख के रूप में मेरी जगह कार्यभार संभालेंगे। साथ ही, सह-संयोजक प्रीति गांधी जी, शिवानंद द्विवेदी जी, आलोक भट्ट जी और अरुण यादव जी को भी मेरी शुभकामनाएं।’’
मालवीय ने कहा कि पिछले एक दशक के दौरान उन्हें इन सभी के साथ करीब से काम करने का अवसर मिला और उन्हें विश्वास है कि नए नेतृत्व में भाजपा का डिजिटल संचार नयी ऊंचाइयां हासिल करेगा तथा दृढ़ता, रचनात्मकता और स्पष्टता के साथ भारत के जन विमर्श को प्रभावित करता रहेगा।
मालवीय पिछले एक दशक से अधिक समय से भाजपा की सोशल मीडिया रणनीति के केंद्र में रहे हैं। वह 2009 में ‘फ्रेंड्स ऑफ बीजेपी’ नामक मंच के जरिए चर्चा में आए थे और 2015 में उन्हें पार्टी के आईटी विभाग का प्रमुख बनाया गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘सोशल मीडिया पर भाजपा के वृहद समर्थक आधार को बहुत-बहुत धन्यवाद। यह समुदाय प्रतिबद्धता, ऊर्जा और विचारों से भरपूर है। यह परिवार हर मुश्किल दौर में एकजुट रहा और भारत के जन विमर्श को नए रूप देने में निर्णायक भूमिका निभाई। व्यक्तिगत रूप से और इस उद्देश्य के लिए आप मेरे लिए बेहद मजबूत सहारा रहे हैं।’’
मालवीय ने कहा कि सोशल मीडिया की कमान संभालने के 11 वर्षों के दौरान उन्हें भाजपा के कई समर्थकों से मिलने और बातचीत करने का अवसर मिला और उनके साथ हुई ये मुलाकातें और बातचीत हमेशा उनके लिए खास रहेंगी।
मालवीय ने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में भी आप पार्टी और मेरे उत्तराधिकारियों को इसी तरह बिना किसी शर्त के अपना समर्थन देते रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और भाजपा के नेतृत्व में भारत और भी ऊंचाइयों को छूने की ओर अग्रसर है। इस यात्रा में आपके योगदान को याद रखा जाएगा और उसे गौरवपूर्ण शब्दों में लिखा जाएगा।’’
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप