शिलांग, 31 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मेघालय इकाई के वरिष्ठ नेता एलेक्जेंडर लालू हेक ने सोमवार को कहा कि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) के 12 में से नौ विधायकों और तृणमूल कांग्रेस के कुछ विधायकों के पार्टी में शामिल होने के प्रस्ताव पर केंद्रीय नेतृत्व फैसला करेगा।
मेघालय में भाजपा के दो विधायक हैं। भाजपा और यूडीपी, नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन के घटक दल हैं जबकि तृणमूल विपक्षी दल है।
हेक ने कहा, ‘‘भाजपा में शामिल होने के इच्छुक सभी लोगों के लिए पार्टी के दरवाजे खुले हैं। हम 2028 के विधानसभा चुनाव में मेघालय में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।’’
उन्होंने हालांकि स्पष्ट किया कि नेताओं को पार्टी में शामिल करने के संबंध में अंतिम फैसला लेने का अधिकार प्रदेश भाजपा इकाई के पास नहीं है।
पूर्व मंत्री ने कहा, ‘‘इस बारे में केवल दिल्ली में भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व फैसला कर सकता है। हमारे पास नॉर्थ-ईस्ट डेमोक्रेटिक अलायंस (नेडा) के अध्यक्ष हैं, जो इन मामलों को देखते हैं।’’
नॉर्थ-ईस्ट डेमोक्रेटिक अलायंस (नेडा), पूर्वोत्तर क्षेत्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का स्वरूप है।
हेक ने कहा कि यूडीपी के 12 में से नौ विधायक और तृणमूल के कई विधायक आने वाले दिनों में भाजपा में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले कुछ दिनों में बैठकें हुई हैं लेकिन जहां तक इस मामले का सवाल है, इसका फैसला दिल्ली में पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा। सभी फैसले और गतिविधियां दिल्ली में पार्टी नेतृत्व से तय होती हैं। यह ऐसा फैसला नहीं है, जो प्रदेश इकाई लेगी।’’
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश