भाजपा ने एआई समिट के दौरान किये गए प्रदर्शन को लेकर राहुल से माफी की मांग की

भाजपा ने एआई समिट के दौरान किये गए प्रदर्शन को लेकर राहुल से माफी की मांग की

भाजपा ने एआई समिट के दौरान किये गए प्रदर्शन को लेकर राहुल से माफी की मांग की
Modified Date: February 23, 2026 / 04:28 pm IST
Published Date: February 23, 2026 4:28 pm IST

नयी दिल्ली, 23 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पिछले हफ्ते ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में किये गए शर्ट उतार कर किए गए विरोध प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी से माफी की मांग की और कहा कि न केवल कांग्रेस के सहयोगी, बल्कि उनकी अपनी पार्टी के नेताओं ने भी इसकी आलोचना शुरू कर दी है।

भाजपा की यह प्रतिक्रिया कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मार्गरेट अल्वा की टिप्पणी के बाद आई है, जिन्होंने एआई समिट में युवा कांग्रेस द्वारा किये गए विरोध प्रदर्शन की आलोचना करते हुए कहा था कि एक अंतरराष्ट्रीय आयोजन में ‘‘गरिमा, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना’’ होनी चाहिए।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि युवा कांग्रेस की ‘‘नंगी प्रोटेस्ट’’ को लेकर ‘‘पूरा देश’’ चिंतित है और अब कांग्रेस के भीतर से भी इसके खिलाफ आवाज उठने लगी है।

त्रिवेदी ने यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘कांग्रेस के सहयोगी दलों ने पहले ही (युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर) अपनी असहमति व्यक्त कर दी है। आपने (समाजवादी पार्टी प्रमुख) अखिलेश यादव की बात सुनी ही होगी।’’

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस को अब यह समझना चाहिए कि न केवल सहयोगी दल और देश की जनता, बल्कि पार्टी (कांग्रेस) नेता भी उसके विचारों को ‘‘अस्वीकार’’ करने लगे हैं।

त्रिवेदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता अल्वा ने भी एआई समिट के दौरान किये गए प्रदर्शन को लेकर पार्टी और विपक्ष के नेताओं को आईना दिखा दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी पूरी तरह से विदेशी टूलकिट की गिरफ्त में आ चुके हैं।’’

त्रिवेदी ने सवाल किया, ‘‘हर कोई देश को नीचा दिखाने वाली राहुल गांधी की शर्मनाक मानसिकता की कड़ी निंदा कर रहा है। क्या राहुल एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में किये गए भारत विरोधी प्रदर्शन को लेकर माफी मांगेंगे?’’

भाषा सुभाष माधव

माधव


लेखक के बारे में