कोलकाता, 26 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार ने राज्य में पंजीकृत मदरसों में ‘वंदे मातरम्’ का गायन अनिवार्य किया है।
शुभेंदु ने यहां ‘नेशनल लाइब्रेरी’ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पूर्ववर्ती ममता बनर्जी सरकार पर राज्य में घुसपैठियों को आने देने और राज्य की जनसांख्यिकी बदलने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ‘‘निश्चिंत रहें… राज्य की सीमाएं सुरक्षित रहेंगी और हर घुसपैठिये को वापस भेज दिया जाएगा, क्योंकि सत्ता में ऐसी राष्ट्रवादी सरकार है, जो ‘सनातनी’ परंपरा को बनाए रखने को प्राथमिकता देती है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमारी सरकार ने राज्य के स्कूलों और पंजीकृत मदरसों में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन अनिवार्य कर दिया है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार ने भाजपा और अन्य हिंदुत्व संगठनों को वर्ष 1992 में अयोध्या में बाबरी मस्जिद विध्वंस की याद में छह दिसंबर को ‘शौर्य दिवस’ मनाने की अनुमति नहीं दी थी।
शुभेंदु ने कहा, ‘‘जनवरी 2024 में जब देश, अयोध्या में राम मंदिर में विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा का जश्न मना रहा था, तब तत्कालीन मुख्यमंत्री मंदिर के खिलाफ एक रैली आयोजित करने के लिए पूरे सरकारी तंत्र का इस्तेमाल कर रही थीं।’’
भाषा शफीक सुरेश
सुरेश