कोलकाता, 26 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 27 सितंबर से पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह राज्य के नेताओं, सांसदों, विधायकों और अन्य पदाधिकारियों के साथ कई संगठनात्मक बैठकें करेंगे। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।
भाजपा की ओर से साझा किए गए कार्यक्रम के अनुसार, नवीन रविवार को यहां पहुंचेंगे और पूर्वाह्न 11 बजे न्यू टाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में प्रधानमंत्री के मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ में शामिल होंगे।
इसके बाद वह राज्य पदाधिकारियों, विभाग संयोजकों, राज्य मोर्चा अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और जिलाध्यक्षों के साथ संगठनात्मक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में आईटी, मीडिया और सोशल मीडिया से जुड़े पदाधिकारी भी शामिल होंगे।
भाजपा अध्यक्ष राज्य के सांसदों और विधायकों के साथ भी बैठक करेंगे, जिसमें संगठनात्मक मुद्दों और निर्वाचित प्रतिनिधियों तथा पार्टी संगठन के बीच समन्वय पर चर्चा होगी। इसके बाद वह राज्य कोर ग्रुप के सदस्यों और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे।
नवीन शाम को कोलकाता में एक बैठक में प्रमुख हस्तियों, नागरिक समाज के प्रतिनिधियों और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों से भी बातचीत करेंगे।
दौरे के दूसरे दिन सोमवार को नवीन उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी जाएंगे, जहां वह सुबह 10:30 बजे लोक संस्कृति भवन में ‘आंगन का मिलन’ सेवा कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वह दोपहर 12:30 बजे स्पेस सर्किल क्लब में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम ‘युवा संवाद कॉन्क्लेव’ को संबोधित करेंगे।
यह दौरा राज्य में भाजपा की ओर से चलाए जा रहे कई संगठनात्मक कार्यक्रमों के बीच हो रहा है।
पार्टी ने हाल में राज्य में कई संगठनात्मक पदों पर बदलाव किए हैं, जिनमें महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, प्रदेश समिति और सात संगठनात्मक जिलों में किए गए बदलाव शामिल हैं।
भाषा अमित पवनेश
पवनेश