भाजपा धर्म-विरोधी है : उत्तराखंड में ‘शुद्धीकरण’ अनुष्ठान को लेकर खरगे ने पार्टी पर साधा निशाना

Ads

भाजपा धर्म-विरोधी है : उत्तराखंड में ‘शुद्धीकरण’ अनुष्ठान को लेकर खरगे ने पार्टी पर साधा निशाना

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 09:43 PM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 09:43 PM IST

पणजी, 17 अगस्त (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को उत्तराखंड में उनके भाषण के बाद कथित ‘शुद्धीकरण’ अनुष्ठान का हवाला देते हुए भारतीय जनता पार्टी को “धर्म-विरोधी” करार दिया और सत्ताधारी पार्टी द्वारा “धार्मिक मूल्यों की चुनिंदा व्याख्या” पर सवाल उठाए।

दक्षिण गोवा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, खरगे ने देशभक्ति के दावों को लेकर भाजपा पर निशाना साधा और पार्टी नेतृत्व को चुनौती दी कि वे उन पार्टी सदस्यों की पहचान करें, जिन्होंने भारत की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी थी।

गोवा में सत्ताधारी भाजपा और कांग्रेस के बीच देशभक्ति, धर्म, दल-बदल, जमीन के मालिकाना हक और हाल ही में वंदे मातरम को लेकर हुए विवाद जैसे मुद्दों पर लगातार हो रहे हमलों के बीच कांग्रेस प्रमुख की ये टिप्पणी आई है।

उन्होंने कहा, “आप (भाजपा) धर्म-विरोधी हैं, क्योंकि जब मेरे जैसा कोई व्यक्ति उत्तराखंड जाकर लाखों लोगों के सामने भाषण देता है, तो उसके दो दिन बाद आप उस इमारत में शुद्धीकरण का कार्यक्रम करते हैं।”

यह कथित “शुद्धीकरण” उत्तराखंड के रामलीला मैदान में हुआ, जहां खरगे ने आठ अगस्त को भाषण दिया था।

उन्होंने आरोप लगाया, “क्या आपका धर्म यह सिखाता है? क्या आपके लोग यह सिखाते हैं? क्या आपके गुरु आपको ऐसा करने के लिए कहते हैं?”

उन्होंने कहा कि धर्म को ऐसी गतिविधियों तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए और साथ ही धार्मिक मूल्यों की “चुनिंदा व्याख्या” को लेकर भाजपा पर सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया, “हमारे लोगों ने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी। क्या आपने भी लड़ाई लड़ी? मुझे बताइए, भाजपा का कौन सा व्यक्ति इस देश की आजादी के लिए लड़ा? आरएसएस का कौन सा व्यक्ति इस देश की आजादी के लिए लड़ा? और आप हमें देशभक्ति का पाठ पढ़ाते हैं?”

खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा के पास कांग्रेस नेताओं की देशभक्ति पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

उन्होंने कहा, “ये लोग देश-विरोधी हैं। आप भारत-विरोधी हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अक्सर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और गांधी परिवार की आलोचना की है।

अपने लंबे राजनीतिक करियर का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा, “जब मैं विधायक बना था, तब अमित शाह का नाम भी नहीं हुआ करता था। उस समय उनका राजनीतिक भविष्य क्या था?”

उन्होंने कहा, “मैं जनता का प्रतिनिधि हूं। और जनता के प्रतिनिधि के तौर पर मैं यात्रा करता रहूंगा, बोलता रहूंगा, लड़ता रहूंगा और इन लोगों की पोल खोलता रहूंगा तथा उन्हें हराता रहूंगा।”

गोवा में भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा कि राज्य के 12 मंत्रियों में से 10 कांग्रेस के पूर्व नेता हैं, जिन्होंने पार्टी छोड़ दी थी।

उन्होंने कहा, ‘‘गोवा में हमारे लोग भारी अंतर से जीते थे, लेकिन दल बदलने वाले कुछ लोग छोड़कर चले गए और आज 12 मंत्रियों में से 10 कांग्रेस से हैं।’’

उन्होंने पाला बदलने वालों को “गद्दार” बताया और आरोप लगाया कि उनके पाला बदलने से गोवा की नैतिकता और आत्म-सम्मान को ठेस पहुंची है।

खरगे ने मतदाताओं से गोवा की रक्षा के लिए कांग्रेस का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा, “गद्दारों को वोट न दें। अगर आप उन्हें वोट देंगे, तो आप भी गद्दार बन जाएंगे।”

उन्होंने जमीन के मालिकाना हक का मुद्दा भी उठाया और आरोप लगाया कि मेट्रो शहरों के अमीर लोगों ने गोवा में जमीन खरीदी है।

उन्होंने पूछा, “क्या वे इसे आपकी भलाई के लिए खरीद रहे हैं? या गोवा का मजाक उड़ाने के लिए?”

भाषा प्रशांत सुरेश

सुरेश