भाजपा को हार का खतरा है, इसलिए राजस्थान में निकाय चुनाव से बच रही है : पायलट
भाजपा को हार का खतरा है, इसलिए राजस्थान में निकाय चुनाव से बच रही है : पायलट
जयपुर,12 अप्रैल(भाषा) कांग्रेस महासचिव और टोंक के विधायक सचिन पायलट ने रविवार को राजस्थान की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह ढाई साल में कोई प्रभाव नहीं छोड़ पाई है और अफसरशाही पूरी तरह हावी है।
उन्होंने कहा कि सरकार नगर निकाय चुनाव कराने से बच रही है, क्योंकि उसे अपनी हार का डर सता रहा है।
पायलट रविवार को टोंक विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थे। उन्होंने देवपुरा, हरचंदेड़ा, भरनी व सोनवा समेत कई गांवों में ग्रामीणों से सम्पर्क किया और समस्याएं सुनीं। उन्होंने देवपुरा में पुस्तकालय का लोकार्पण किया।
इसके अलावा पायलट ने कहा कि केरल विधानसभा का कार्यकाल मई तक था, लेकिन निर्वाचन आयोग ने जल्दबाजी में चुनाव घोषित कर दिए।
उन्होंने कहा कि कम समय मिलने के बावजूद कांग्रेस ने मजबूती से चुनाव लड़ा और बेहतर परिणाम की उम्मीद है।
उन्होंने दावा किया कि केरल, पुडुचेरी और असम में कांग्रेस की स्थिति मजबूत है और वहां सरकार बनने की पूरी संभावना है।
असम को लेकर उन्होंने कहा कि वहां के मुख्यमंत्री की ओर से लगाए जा रहे आरोप और अभद्र भाषा यह दर्शाती है कि वह घबराए हुए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि असम पुलिस का दुरुपयोग किया जा रहा है और विपक्ष पर कार्रवाई की जा रही है।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए पायलट ने कहा कि भाजपा 12 साल से सत्ता में है, लेकिन घुसपैठ जैसे मुद्दों पर ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है, जबकि सभी एजेंसियां और संसाधन उसके पास हैं।
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और वे पूरे साल मेहनत करते हैं, लेकिन नुकसान होने पर उन्हें समय पर मदद नहीं मिलती।
भाषा बाकोलिया
जोहेब
जोहेब

Facebook


