भाजपा नेता अन्नामलाई ने बड़े पैमाने पर चुनावी धांधली और अपर्याप्त परिवहन सुविधाओं का आरोप लगाया

Ads

भाजपा नेता अन्नामलाई ने बड़े पैमाने पर चुनावी धांधली और अपर्याप्त परिवहन सुविधाओं का आरोप लगाया

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 06:52 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 06:52 PM IST

कोयंबटूर (तमिलनाडु), 23 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि राज्य विधानसभा चुनावों में बड़े पैमाने पर धांधली हो रही है।

उन्होंने मतदाताओं के लिए पर्याप्त परिवहन सुविधाएं प्रदान करने में विफल रहने के लिए निर्वाचन आयोग की आलोचना की।

भाजपा नेता ने गौंडमपलायम सीट के एक मतदान केंद्र पर मताधिकार का प्रयोग करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए दावा किया कि मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए खुलेआम पैसा और सोना बांटा जा रहा है।

अन्नामलाई ने कहा, ‘‘घर-घर जाकर चार लोग एक वोट के बदले 5,000 रुपये दे रहे हैं। करूर विधानसभा क्षेत्र में तो वे बेखौफ होकर एक मतदाता को आधा ग्राम सोने का सिक्का दे रहे हैं। यह सब एक दिन में नहीं हुआ। यह पैसा कहीं न कहीं से आया है। इसे कहीं छिपाकर रखा गया है।’’

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में कोयंबटूर में भी इसी तरह के नकदी वितरण की खबरें आई हैं, जिससे मतदान प्रक्रिया की शुचिता भंग हुई है।

भाजपा नेता ने संसाधन व्यवस्था में हुई खामियों को लेकर भी प्राधिकारियों पर जमकर निशाना साधा और बस सेवाओं की भारी कमी का हवाला दिया, जिसके कारण मतदाता अपने गृह जिलों तक नहीं पहुंच पाए।

अन्नामलाई ने कहा कि उन्हें चेन्नई से दक्षिणी तमिलनाडु जाने वाले यात्रियों के लिए पर्याप्त सरकारी और निजी बसों की कमी के संबंध में जनता तथा युवाओं से कई शिकायतें मिली हैं।

अन्नामलाई ने कहा, ‘‘कल से ही हमारे कई मतदाता, पार्टी सदस्य, तटस्थ पर्यवेक्षक और युवा इस मुद्दे को प्रमुख शिकायत के रूप में उठा रहे हैं। उदाहरण के लिए कल रात चेन्नई से रवाना हुई एक बस के आज शाम छह या 6:30 बजे ही रामनाथपुरम पहुंचने की उम्मीद है।’’

उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में निर्वाचन आयोग इस मामले को बेहतर तरीके से संभाल सकता था।

अन्नामलाई ने शिकायतों के बावजूद विश्वास व्यक्त किया कि राज्य के 5.6 करोड़ से अधिक मतदाता इन प्रलोभनों से परे जाकर राज्य में बदलाव के लिए अपनी अंतरात्मा के अनुसार मतदान करेंगे।

तमिलनाडु में 234 विधानसभा सीट के लिए बृहस्पतिवार को मतदान हुआ।

भाषा यासिर शफीक

शफीक