तिरूवनंतपुरम, 27 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के प्रमुख राजीव चंद्रशेखर ने सोमवार को आरोप लगाया कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को लेकर हाल में हुए विरोध प्रदर्शन छात्रों के वास्तविक मुद्दों से आगे बढ़ गए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा ‘‘निहित स्वार्थी तत्वों’’ ने ‘‘अराजकता’’ पैदा करने की कोशिश की।
चंद्रशेखर ने ‘एक्स’ पर, सेना के एक सेवानिवृत्त कर्नल की पोस्ट साझा करते हुए यह टिप्पणी की।
कर्नल ने आरोप लगाया था कि दुबई की एक कंपनी में कार्यरत केरल के 23 लोगों को, कंपनी के केरल निवासी मालिक ने जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बुलाया था।
कर्नल ने पोस्ट में दावा किया, ‘‘हवाई टिकट, भोजन, ठहरने की व्यवस्था समेत सभी खर्च ‘प्रायोजक’ ने उठाए। उन लोगों को प्रदर्शन जारी रहने तक बने रहने का निर्देश दिया गया था।’’
पोस्ट को साझा करते हुए चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘हो सकता है कि इसकी शुरुआत छात्रों के वास्तविक मुद्दों को उठाने के लिए हुई हो, लेकिन अब यह पूरी तरह स्पष्ट है कि राहुल गांधी और निहित स्वार्थी तत्वों ने अराजकता पैदा करने तथा हिंसा भड़काने के लिए हरसंभव प्रयास किए। संकट पैदा करने वाले ये लोग अपने भविष्य पर चर्चा करने वाले छात्र नहीं, बल्कि अव्यवस्था उत्पन्न करने के लिए जुटाये गए राजनीतिक गुंडे हैं।’’
भाजपा नेता ने नीट प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ आंदोलन में कथित रूप से शामिल एवं ‘‘विदेश से बुलाये गए’’ प्रवासियों की भूमिका की जांच की भी मांग की। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि इन सभी ‘विदेशी’ स्वयंसेवियों की गहन जांच की जाएगी।’’
कर्नल ने भी विदेश से कथित तौर पर लोगों को बुलाये जाने पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘‘दुबई में काम करने वाले प्रवासियों का भारत में नीट को लेकर हो रहे छात्र आंदोलन से क्या लेना-देना है? उनकी भागीदारी को प्रायोजित क्यों किया गया?’’
हालांकि, राजीव चंद्रशेखर और सेवानिवृत्त कर्नल द्वारा लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, कांग्रेस ने इन आरोपों पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश