भाजपा नेता पद्मजा ने कांग्रेस नेता के. सुधाकरन को अपनी पार्टी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया

Ads

भाजपा नेता पद्मजा ने कांग्रेस नेता के. सुधाकरन को अपनी पार्टी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया

  •  
  • Publish Date - March 14, 2026 / 01:37 PM IST,
    Updated On - March 14, 2026 / 01:37 PM IST

त्रिशूर, 14 मार्च (भाषा) केरल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता पद्मजा वेणुगोपाल ने शनिवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कन्नूर से सांसद के. सुधाकरन को पार्टी में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

यह निमंत्रण उन अटकलों के मद्देनजर दिया गया है जिनमें कहा गया है कि सुधाकरन अपनी पार्टी के उस फैसले से नाखुश हैं जिसमें मौजूदा सांसदों को विधानसभा चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं दी गई है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. करुणाकरण की बेटी वेणुगोपाल स्वयं कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं। वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस जिस तरह से सुधाकरन के साथ व्यवहार कर रही है, उससे उन्हें ‘‘आश्चर्य नहीं’’ हुआ, ठीक उसी तरह जैसे पार्टी ने उन्हें ‘‘किनारा कर दिया’’ था।

उन्होंने यह भी कहा कि सुधाकरन जैसे व्यक्ति का भाजपा में शामिल होना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता जहां भी जाएंगे, उन्हें आगामी चुनावों में चुनाव लड़ने के लिए सीट मिलेगी।

भाजपा नेता ने यहां एक टीवी चैनल को बताया, ‘‘उन्हें कभी भी समर्थन की कमी नहीं होगी।’’

उनकी यह टिप्पणी उन अटकलों के बाद आई है जिनमें कहा जा रहा है कि कांग्रेस की केरल इकाई के पूर्व अध्यक्ष के. सुधाकरन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के उस फैसले से खुश नहीं हैं, जिसमें मौजूदा सांसदों को विधानसभा चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं दी गई है।

वेणुगोपाल ने यह भी कहा कि वह आगामी विधानसभा चुनावों में त्रिशूर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगी, क्योंकि भाजपा में होने से उन्हें जीत का अधिक भरोसा मिला है।

उन्होंने कहा कि उन्हें त्रिशूर में पार्टी के सभी वोट मिलने का पूरा भरोसा है, यह आत्मविश्वास उन्हें कांग्रेस में रहते हुए नहीं था।

वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘मुझे त्रिशूर से जीतने का पूरा भरोसा है क्योंकि मुझे यहां की जनता पर विश्वास है और साथ ही भाजपा हमेशा अपनी पार्टी की जीत को लेकर चिंतित रहती है, न कि इस बात को लेकर कि कौन चुनाव लड़ रहा है। इसलिए, वह अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत करेगी। यह मेरे लिए बहुत बड़ी राहत की बात है।’’

भाषा तान्या सुरभि

सुरभि