बागी तृणमूल विधायक और पिता के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल हुईं भाजपा नेता टिबरेवाल

Ads

बागी तृणमूल विधायक और पिता के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल हुईं भाजपा नेता टिबरेवाल

  •  
  • Publish Date - June 4, 2026 / 01:36 PM IST,
    Updated On - June 4, 2026 / 01:36 PM IST

कोलकाता, चार जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता प्रियंका टिबरेवाल बृहस्पतिवार को कोलकाता के एंटाली क्षेत्र में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के साथ शामिल हुईं, जो तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित विधायक संदीपन साहा और उनके पिता स्वर्ण कमल साहा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।

प्रदर्शनकारियों ने दोनों पर जमीन कब्जाने और उगाही करने के आरोप लगाए।

प्रदर्शनकारियों ने संदीपन साहा के घर के सामने प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि वह तथा उनके पिता जनता से ‘‘कट मनी’’ (काम कराने के बदले में कमीशन) वसूलते थे।

संदीपन के पिता भी तृणमूल के पूर्व विधायक रह चुके हैं।

प्रियंका टिबरेवाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह प्रदर्शन आम लोग कर रहे हैं। मैं उनके साथ शामिल हुई हूं। ये ऐसे नागरिक हैं, जिन्हें लगता है कि संदीपन साहा और स्वर्ण कमल साहा ने उनके साथ धोखा किया है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिन से संदीपन साहा की सकारात्मक छवि पेश करने की कोशिश की जा रही है, जबकि जनता की उनके खिलाफ कई शिकायतें हैं।

टिबरेवाल ने कहा, ‘‘पिछले दो दिन से संदीपन साहा खुद को संत की तरह पेश करने की कोशिश कर रहे हैं। आज लोग सड़कों पर उतरकर उस छवि पर सवाल उठा रहे हैं और अपना आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। उनका मानना है कि उनके साथ लूट और धोखा हुआ है।’’

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नारेबाजी की और पिता-पुत्र की जवाबदेही तय करने की मांग की।

इन आरोपों पर संदीपन साहा और स्वर्ण कमल साहा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

उल्लेखनीय है कि विधायक संदीपन साहा तृणमूल के बागी गुट में शामिल हो गए हैं, जिससे पार्टी नेतृत्व की कार्यशैली को लेकर सवाल उठे हैं।

रिताब्रता बनर्जी और संदीपन साहा के नेतृत्व वाले बागी गुट ने विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस को 58 विधायकों के समर्थन पत्र सौंपे। यह संख्या दल-बदल विरोधी कानून के तहत अलग गुट के रूप में मान्यता पाने के लिए आवश्यक दो-तिहाई बहुमत से अधिक है।

बागी विधायकों ने रिताब्रता बनर्जी को विपक्ष का नेता और अखरुज्जमान को मुख्य सचेतक नामित किया है।

संदीपन साहा के साथ वरिष्ठ नेताओं जावेद अहमद खान, सबीना यास्मीन और शिउली साहा को उपनेता नियुक्त किया गया है।

भाषा गोला वैभव

वैभव