(Hero Flex Fuel Bikes Launched/ Image Credit: Hero)
नई दिल्ली: Hero Flex Fuel Bikes Launched: हीरो मोटोकॉर्प ने 03 जून को भारतीय टू-व्हीलर बाजार में बड़ा धमाका करते हुए अपनी पहली फ्लेक्स फ्यूल मोटरसाइकिल (Flex Fuel Bikes) लॉन्च कर दी है। कंपनी ने यह कदम पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने और पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता को कम करने के मकसद से उठाया है। इस लॉन्च के साथ हीरो ने ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में नई दिशा देने की कोशिश की है।
कंपनी ने अपनी दो सबसे ज्यादा बिकने वाली बाइक्स Splendor Plus और HF Deluxe को फ्लेक्स फ्यूल वेरिएंट में पेश किया है। स्प्लेंडर प्लस की एक्स-शोरूम कीमत 82,710 रुपये और HF डीलक्स की कीमत 72,792 रुपये रखी गई है। ये दोनों मॉडल जुलाई 2026 से बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। जिसकी शुरुआत दिल्ली और महाराष्ट्र के चुनिंदा क्षेत्रों से होगी।
ये नई बाइक E20 से लेकर E85 तक के फ्यूल मिक्स पर चलेगी यानी इनमें 20% से 85% तक इथेनॉल मिलाकर इस्तेमाल किया जा सकता है। कंपनी का दावा है कि ये बाइक 100% इथेनॉल पर भी चल सकती हैं। इस तकनीक से न सिर्फ पेट्रोल की खपत कम होगी बल्कि ग्राहकों को लंबे समय में ईंधन खर्च में भी काफी बचत होगी।
फ्लेक्स फ्यूल वर्जन में 97.2cc का इंजन दिया गया है जो E85 फ्यूल पर 8.4 हॉर्सपावर और 8.3 न्यूटन मीटर टॉर्क जनरेट करता है। इसमें मॉडिफाइड ECU और अपग्रेडेड फ्यूल सिस्टम शामिल किया गया है। इसके अलावा बेहतर राइडिंग अनुभव के लिए ट्यूबलेस टायर, डिजिटल-एनालॉग मीटर, साइड स्टैंड इंजन कट-ऑफ और i3S टेक्नोलॉजी जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।
हीरो की ये फ्लेक्स फ्यूल बाइक (Flex Fuel Bikes) E20 से E85 तक के इथेनॉल मिश्रित ईंधन के साथ काम करती हैं। जिससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी। इससे भारत की कच्चे तेल पर निर्भरता भी घटेगी और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी। यह तकनीक कंपनी के जयपुर स्थित सेंटर फॉर इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी में विकसित की गई है।
इस नई तकनीक को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने लॉन्च किया। दोनों ने हीरो की इस पहल की सराहना की और इसे किसानों और इथेनॉल उत्पादन के लिए फायदेमंद बताया। हीरो मोटोकॉर्प के सीईओ ने कहा कि आने वाले समय में और भी मॉडल फ्लेक्स फ्यूल टेक्नोलॉजी के साथ लॉन्च किए जाएंगे। जिससे ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा मिलेगा।