भाजपा नेताओं ने ‘पार्टी’ वीडियो को लेकर कॉजपा पर सवाल उठाए, संगठन ने ‘अंकल-आंटी’ कह पलटवार किया

Ads

भाजपा नेताओं ने ‘पार्टी’ वीडियो को लेकर कॉजपा पर सवाल उठाए, संगठन ने ‘अंकल-आंटी’ कह पलटवार किया

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 09:36 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 09:36 PM IST

नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने सोमवार को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) पर “दोहरा रवैया” अपनाने का आरोप लगाया। यह आरोप तब लगाया गया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद पार्टी के प्रमुख चेहरे अन्य लोगों के साथ “पार्टी” करते हुए नजर आए।

कॉजपा ने पलटवार करते हुए कहा, “यह पीढ़ी ऐसी ही है। विश्वास से भरी, रचनात्मक, मुश्किलों का सामना करने वाली और जिसे किसी एक सांचे में नहीं ढाला जा सकता। अंकल-आंटी शिकायत करते रह सकते हैं। उन्हें बस हमें झेलना ही होगा!”

इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करते हुए, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि प्रधान के इस्तीफे के बाद कॉजपा ने “पांच सितारा होटल में एक बहुत बड़ी पार्टी” आयोजित की थी।

पूनावाला ने आरोप लगाया, “कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके, सौरभ दास… सभी को देखा गया।” उन्होंने कॉजपा से पूछा कि क्या इसी तरह वे उन छात्रों के साथ एकजुटता दिखा रहे हैं, जिन्होंने कथित तौर पर नीट प्रश्नपत्र लीक के बाद आत्महत्या कर ली थी।

भाजपा प्रवक्ता ने कॉजपा नेताओं की संवेदनशीलता पर भी सवाल उठाए।

पूनावाला ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “पाखंड और बेशर्मी चरम पर है।”

जवाब देते हुए, कॉजपा के प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा कि इससे साफ पता चलता है कि सरकार और “गोदी एंकर” ‘जेन जेड’ एवं युवा पीढ़ियों की भाषा बिल्कुल नहीं समझते हैं।

दास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम सड़क पर जितनी देर जरूरत होगी, उतनी देर तक बैठे रह सकते हैं। हम नाचते हुए भी विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। हम ‘कोल्ड कॉफी’ की चुस्कियों के साथ भी संगठित हो सकते हैं। हम बदलाव की लड़ाई इस बात की परवाह किए बिना लड़ सकते हैं कि पिछली पीढ़ियां किसी आंदोलन को किस रूप में देखना चाहती हैं,(इसमें किसी पर कोई तंज नहीं है)।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह पीढ़ी ऐसी ही है। विश्वास से भरी, रचनात्मक, मुश्किलों का सामना करने वाली और जिसे किसी एक सांचे में नहीं ढाला जा सकता। अंकल-आंटी शिकायत करते रह सकते हैं। उन्हें बस हमें झेलना ही होगा!’’

‘एक्स’ पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए, जिसमें कथित तौर पर सौरभ दास और अन्य लोगों को नाचते हुए दिखाया गया है, भाजपा के पूर्व सांसद महेश जेठमलानी ने कहा कि इससे और भी गंभीर सवाल उठते हैं।

उन्होंने कहा, “सच में? कॉजपा का नेतृत्व एक होटल में जीत की पार्टी कर रहा है! दिल्ली में कई दिनों तक हिंसा देखने के बाद, ये तथाकथित युवा कार्यकर्ता संगीत बजाकर नाचने लगे।”

उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठ वकील ने कहा, ‘‘कुछ और गंभीर सवाल हैं: इस पूरे आंदोलन के दौरान यात्रा, खाने-पीने, रहने की व्यवस्था, साजो-सामान और अन्य व्यवस्थाओं का खर्च किसने उठाया? उन लोगों को पैसे किसने दिए, जिन्होंने दिल्ली में माहौल तनावपूर्ण बनाए रखा?”

भाषा प्रशांत सुरेश

सुरेश

ताजा खबर