नयी दिल्ली, तीन मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को जापान की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और दोनों दलों के बीच संबंध के साथ-साथ भारत-जापान साझेदारी तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
एलडीपी की पॉलिसी रिसर्च काउंसिल के अध्यक्ष कोबायाशी तकायुकी के नेतृत्व वाले जापानी प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा मुख्यालय में नवीन से मुलाकात की।
बैठक के बाद भाजपा के विदेश मामलों के विभाग के प्रभारी विजय चौथाईवाले ने बयान में कहा, “कोबायाशी का भारत में स्वागत करते हुए नवीन ने भारत-जापान संबंधों को साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और पारस्परिक सम्मान पर आधारित मजबूत साझेदारी बताया।”
उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने विभिन्न स्तरों पर संवाद के जरिए दोनों दलों के बीच सहयोग को मजबूत करने, विचार-विमर्श करने, श्रेष्ठ तौर-तरीके साझा करने और भाजपा तथा एलडीपी के बीच संस्थागत सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप