अहमदाबाद, 22 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को यहां बूथ स्तर के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 131वीं कड़ी को सुना और इस अनुभव को ‘‘यादगार’’ बताया।
भाजपा की गुजरात इकाई द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नवीन ने अहमदाबाद के पुराने शहर क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक स्थल देसाई नी पोल, खड़िया में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुना।
नवीन 20 फरवरी से गुजरात के तीन दिवसीय दौरे पर हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि खड़िया में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुनना एक ‘‘यादगार और अविस्मरणीय’’ अनुभव है।
नवीन ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की धरती खड़िया में, जहां भाजपा की नींव रखी गई थी, उपस्थित होना और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनना एक यादगार और अविस्मरणीय अनुभव है।’’
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी का जनता से संवाद हमेशा प्रेरणादायक होता है।
प्रसारण समाप्त होने के बाद, नवीन ने ‘पोल’ (आवासीय समूह) के निवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की तथा उन्हें आम लोगों ने शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित एक सफाईकर्मी को अपना ‘खेस’ (सूती चादर) ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनकी सेवा की सराहना की।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, भाजपा महासचिव (संगठन) बीएल संतोष और प्रदेश महासचिव (संगठन) रत्नाकरजी शामिल थे।
भाषा सुभाष दिलीप
दिलीप