‘साम्राज्यवादी विरोधी राजनीति’ पर शोध कर रहा कनाडाई नागरिक पाकिस्तान में लापता

Ads

‘साम्राज्यवादी विरोधी राजनीति’ पर शोध कर रहा कनाडाई नागरिक पाकिस्तान में लापता

  •  
  • Publish Date - February 22, 2026 / 08:52 PM IST,
    Updated On - February 22, 2026 / 08:52 PM IST

(एम. जुल्करनैन)

लाहौर, 22 फरवरी (भाषा) ‘साम्राज्यवादी विरोधी राजनीति’ पर शोध करने के लिए इस महीने पाकिस्तान आया एक कनाडाई नागरिक लाहौर शहर में लापता हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

लाहौर पुलिस ने कनाडाई नागरिक हमजा अहमद खान के मित्र यूसुफ राशिद की शिकायत पर ‘‘अज्ञात संदिग्धों’’ के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है।

राशिद ने पुलिस को बताया, ‘‘खान 13 फरवरी को पाकिस्तान में अपने पीएचडी शोध (साम्राज्यवाद-विरोधी राजनीति) पर काम करने के लिए आया था और वह डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी में मेरे साथ रह रहा था। खान 19 फरवरी की रात को कहीं जाने के लिए गाड़ी बुक करके घर से निकला और वापस नहीं लौटा। हो सकता है अज्ञात लोगों ने उसका अपहरण किया हो।’’

लाहौर के उपमहानिरीक्षक फैसल कामरान ने कहा कि पुलिस मामले के हर पहलू से जांच कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हम इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या लापता शोधार्थी के शोधकार्य का उनके अपहरण से कोई संबंध है।’’

पाकिस्तान मानवाधिकार आयोग (एचआरसीपी) ने कनाडाई नागरिक के अपहरण पर गंभीर चिंता व्यक्त की।

एचआरसीपी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “हमें इस बात की गहरी चिंता है कि टोरंटो विश्वविद्यालय में राजनीति विज्ञान के छात्र हमजा अहमद खान लापता हो गए हैं। खान शोध के लिए पाकिस्तान की यात्रा पर थे और लाहौर में उनके सहयोगियों ने आरोप लगाया है कि 19 फरवरी को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उनका अपहरण कर लिया गया था। अधिकारियों को खान का तुरंत पता लगाना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उन्हें ढूंढकर सुरक्षित घर वापस लाया जाए।”

भाषा

प्रशांत सुरेश

सुरेश