राणाघाट/तेहट्टा (पश्चिम बंगाल), 26 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिम बंगाल में सत्ता में आती है तो वह राज्य में ‘‘गुंडा राज’’ और ‘‘सिंडिकेट राज’’ का अंत करेगी।
नदिया जिले के तेहट्टा और राणाघाट में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकारों और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने आतंकवाद के प्रति नरम रुख अपनाया, और दावा किया कि उनके शासनकाल में ‘आतंकवादियों को बिरयानी परोसी गई थी।’
राणाघाट में शाह ने आरोप लगाया कि मवेशियों की तस्करी का अधिकांश हिस्सा नदिया जिले से होकर गुजरता है।
उन्होंने कहा, “इस जिले में मवेशियों की तस्करी सबसे अधिक होती है। यह इस तरह से हो रही है कि ममता बनर्जी को अपने पाप धोने में 71 साल लग जाएंगे। पश्चिम बंगाल में सरकार बनने के बाद, हम इस समस्या को रोकने के लिए एक विशेष दस्ते का गठन करेंगे।”
शाह ने कहा, ‘‘कांग्रेस और ममता बनर्जी की सरकारों के दौरान आतंकवादियों को बिरयानी खिलाई जा रही थी। नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत ने आतंकी हमलों का जवाब सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक से दिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘2014 में मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद उरी में हमला हुआ और हमने सर्जिकल स्ट्राइक की; पुलवामा के बाद हमने एयर स्ट्राइक की; और पहलगाम के बाद हमने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया। मोदी ने इस देश को आतंकवाद और नक्सलवाद से मुक्त कराया है।’’
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार राज्य में घुसपैठियों की पहचान करेगी और उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
शाह ने कहा, “ये घुसपैठिए राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं। पांच मई के बाद हम एक-एक करके इनकी पहचान करेंगे और कार्रवाई करेंगे।”
शाह ने बनर्जी पर आपराधिक तत्वों को संरक्षण देने का आरोप लगाया और कहा कि राज्य में भाजपा सरकार हिंसा और धमकी में शामिल लोगों से सख्ती से निपटेगी।
रैलियों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि अपराधियों ने बम हमलों और राजनीतिक धमकियों के जरिए राज्य के कई हिस्सों में दहशत फैला रखी है और आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल उनके खिलाफ कार्रवाई करने में विफल रहा है।
शाह ने कहा ‘बनर्जी मेरे इस बयान का विरोध कर रही हैं कि मैं गुंडों को उल्टा लटकाकर सबक सिखाऊंगा। फिर क्या किया जाए? क्या हमें उन्हें गले लगा लेना चाहिए? वे बमों का इस्तेमाल करके लोगों को डराते हैं। संदेशखालि, आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, दक्षिण कोलकाता के एक लॉ कॉलेज और दुर्गापुर के एक मेडिकल कॉलेज में हुई घटनाएं इसका सबूत हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर आपको उनसे इतना लगाव है, तो उन्हें अपने घर में रखिए और आलू पोस्तो खिलाइए, लेकिन मैं उन्हें जेल में डालूंगा।’’
शाह ने कहा कि अगर भाजपा राज्य में सत्ता में आती है, तो वह समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करेगी, बहुविवाह प्रथा को समाप्त करेगी और तीन तलाक पर प्रतिबंध को सख्ती से लागू करेगी।
केंद्रीय गृह मंत्री ने बनर्जी के इस बयान पर भी निशाना साधा कि महिलाओं को शाम 7 बजे के बाद घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए।
शाह ने उम्मीदवारों के समर्थन में बारासात में एक रोड शो में भी भाग लिया।
भाषा आशीष नरेश
नरेश