भाजपा ने हरियाणा नगर निगम चुनावों में शानदार जीत हासिल की, हुड्डा के गढ़ में भी जबरदस्त प्रदर्शन

Ads

भाजपा ने हरियाणा नगर निगम चुनावों में शानदार जीत हासिल की, हुड्डा के गढ़ में भी जबरदस्त प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 04:47 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 04:47 PM IST

चंडीगढ़, 13 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को हरियाणा नगर निगम चुनावों में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंबाला और सोनीपत में जबरदस्त जीत दर्ज की और पंचकूला में अजेय बढ़त हासिल कर ली।

भाजपा ने अन्य नगर निकाय चुनावों में भी शानदार जीत हासिल की। पार्टी ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ माने जाने वाले सांपला में नगरपालिका समिति अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की।

कांग्रेस ने नगर निकाय चुनावों के लिए सांपला से अपना उम्मीदवार नहीं उतारा था।

इसी बीच, भाजपा खेमे में जश्न का माहौल था और पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने मिठाई बांटी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नगर निगम चुनावों में भाजपा के शानदार प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि लोगों ने एक बार फिर नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों पर अपनी सहमति जताते हुए उन पर अपना भरोसा जताया है।

सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने एक बार फिर उन्हें नकार दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस हमेशा झूठ का सहारा लेती है, लोग यह समझ चुके हैं।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का ‘‘असली चेहरा बेनकाब हो गया है’’।

हुड्डा के गढ़ सांपला में भाजपा की जीत पर सैनी ने कहा, ‘‘लोगों को अब हुड्डा पर भरोसा नहीं रहा। वह झूठ बोलते हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमारी सरकार ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम कर रही है और लोगों से किए गए वादों को पूरा कर रही है।’’

आधिकारिक रुझानों के अनुसार, अंबाला में महापौर पद के लिए भाजपा की अक्षिता सैनी ने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार कुलविंदर कौर को 21,358 मतों के अंतर से हराया। निर्दलीय उम्मीदवार सोनिया रानी तीसरे स्थान पर रहीं।

पंचकूला में, भाजपा के श्यामलाल बंसल ने महापौर पद के लिए कांग्रेस की सुधा भारद्वाज पर अजेय बढ़त हासिल कर ली, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) के राजेश कुमार तीसरे स्थान पर रहे।

सोनीपत में महापौर पद के लिए भाजपा के राजीव जैन ने कांग्रेस के उम्मीदवार कमल दीवान को 23,247 मतों से हराया। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के आनंद कुमार तीसरे स्थान पर रहे।

वर्तमान में पंचकूला, अंबाला और सोनीपत के तीन नगर निगमों के मौजूदा महापौर भाजपा से हैं।

सांपला नगर समिति में भाजपा के प्रवीण ने निर्दलीय उम्मीदवार अंकित को 687 मतों से हराया।

धारूहेड़ा में, भाजपा के सत्यनारायण उर्फ ​​​​अजय जांगड़ा ने निर्दलीय उम्मीदवार बाबू लाल के खिलाफ 6,236 मतों से जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही।

हालांकि, उकलाना में भाजपा उम्मीदवार निकिता गोयल निर्दलीय उम्मीदवार रीमा सोनी से 2,806 मतों से हार गईं।

रेवाड़ी नगर परिषद में भाजपा की विनीता पिप्पल ने कांग्रेस की निहारिका को 21,445 मतों से हराया।

अंबाला में भाजपा ने 16 वार्ड जीते, तीन वार्ड कांग्रेस के खाते में गए, जबकि एक वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुए।

सोनीपत में भाजपा ने 17 वार्ड पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस ने पांच वार्ड में जीत दर्ज की। कुछ वार्ड में तो कांग्रेस उम्मीदवार निर्दलीय उम्मीदवारों से भी पीछे रह गए।

पंचकूला में मतगणना जारी थी, जहां भाजपा ने अब तक 10 वार्ड जीत लिए हैं।

भाषा

देवेंद्र वैभव

वैभव