दिल्ली: पंजाब से भाजपा के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा का नाम मतदाता सूची में जोड़ा गया
दिल्ली: पंजाब से भाजपा के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा का नाम मतदाता सूची में जोड़ा गया
नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) पंजाब से भाजपा के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा का नाम राष्ट्रीय राजधानी की मतदाता सूची में जोड़ दिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत जारी प्रक्रिया के दौरान उनका नाम राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र की सूची में शामिल किया गया।
आम आदमी पार्टी (आप) ने एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि चड्ढा का नाम मतदाता सूची में जोड़ने में निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया।
हालांकि, चुनाव अधिकारियों ने कहा कि उनका नाम सूची में अद्यतन प्रक्रिया के माध्यम से जोड़ा गया है।
अधिकारियों के अनुसार, चड्ढा का नाम पंजाब की मतदाता सूची से हटा दिया गया है, जहां से उनकी पूर्व पार्टी आप ने उन्हें राज्यसभा भेजा था।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार तक दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए 700 फॉर्म-6 मंजूर किए गए, जिनमें चड्ढा का नाम भी शामिल है।
आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सवाल उठाया कि 31 अगस्त को जारी मसौदा मतदाता सूची में 746 मतदाताओं के नाम थे, फिर राजेंद्र नगर की मतदाता सूची में चड्ढा का नाम 747वें मतदाता के तौर पर कैसे शामिल किया गया।
आप के आरोपों का जवाब देते हुए चड्ढा ने एक बयान में कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि मैं अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को परेशान कर रहा हूं… जब से मैंने भ्रष्ट आम आदमी पार्टी छोड़ी है, उसका नेतृत्व इससे उबर नहीं पा रहा है। उनका व्यवहार उस नाराज पूर्व साथी जैसा है, जिसे अभी-अभी छोड़ दिया गया हो।’’
उन्होंने कहा, ‘‘तथ्य सरल और स्पष्ट हैं। मैंने निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के सभी लागू दिशा-निर्देशों और प्रक्रियाओं का पालन किया है और निर्धारित उपायों का सहारा लिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘आप ने ‘मतदाता सूची’ को अपने ‘पार्टी सदस्यता रजिस्टर’ के साथ मिला दिया है। वह हर उस व्यक्ति को बाहर करना चाहती है जो केजरीवाल और उनकी भ्रष्ट आम आदमी पार्टी से अलग हो जाता है।’’
भाषा राखी प्रशांत
प्रशांत

Facebook


