हरियाणा के मुख्यमंत्री ने महिलाओं को बदलाव का सूत्रधार बताया

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने महिलाओं को बदलाव का सूत्रधार बताया

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने महिलाओं को बदलाव का सूत्रधार बताया
Modified Date: September 9, 2026 / 01:00 am IST
Published Date: September 9, 2026 1:00 am IST

फरीदाबाद, आठ सितंबर (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को कहा कि महिलाएं बदलाव की केवल साक्षी नहीं, बल्कि उसकी शिल्पकार हैं।

सैनी यहां राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘शी इज अ चेंज मेकर’ कार्यक्रम के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, कार्यशाला में 20 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की महिला विधायक तथा विधान परिषद की सदस्य शामिल हुईं।

सैनी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की विधायी समझ, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल और नीति निर्माण में भागीदारी को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि महिला जनप्रतिनिधि केवल अपने निर्वाचन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व नहीं करतीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाली शक्ति और लोकतंत्र को अधिक संवेदनशील बनाने वाली आवाज भी हैं।

सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव के लिए कई योजनाएं लागू की गईं, जिनमें जनधन, मुद्रा और उज्ज्वला योजना शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी’ योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है और अब तक 10 किस्तों में करीब 2,000 करोड़ रुपये लाभार्थियों के खातों में भेजे जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि ‘हर घर-हर गृहिणी’ योजना के तहत हरियाणा के करीब 15 लाख परिवारों को 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर दिए जा रहे हैं और 340 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी दी जा चुकी है।

भाषा राखी प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में