पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर चुग ने सीबीआई-एनआईए जांच की मांग की

पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर चुग ने सीबीआई-एनआईए जांच की मांग की

पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर चुग ने सीबीआई-एनआईए जांच की मांग की
Modified Date: September 9, 2026 / 12:55 am IST
Published Date: September 9, 2026 12:55 am IST

नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) भाजपा के राज्यसभा सदस्य तरुण चुग ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पंजाब में कानून-व्यवस्था से जुड़े कई मामलों की सीबीआई और एनआईए से जांच कराने की मांग की।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को ‘‘राजनीतिक संरक्षण’’ दे रही है।

चुग ने अमृतसर में एक सितंबर को अपने आवास के बाहर हुए आप के प्रदर्शन में कथित गैंगस्टर कमल बोरी की मौजूदगी की जांच की भी मांग की।

चुग ने कहा कि उन्होंने पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव को पत्र लिखकर उसकी पहचान की पुष्टि, दृश्य साक्ष्य सुरक्षित रखने और समयबद्ध जांच की मांग की है।

उन्होंने आप में गुरप्रीत सिंह सेखों के शामिल होने का भी मुद्दा उठाया।

चुग के अनुसार, सेखों को 2016 के नाभा ‘हाई-सिक्योरिटी जेल ब्रेक’ मामले में मार्च 2023 में दोषी ठहराकर 10 साल की सजा सुनाई गई थी और उसकी अपील पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में लंबित है।

चुग ने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों में पंजाब में 21 से अधिक हमले हुए हैं, जिनमें पुलिस थानों पर रॉकेट लॉन्चर और ग्रेनेड से हमले भी शामिल हैं।

उन्होंने संगरूर के मोहंजीत सिंह और गुलजार सिंह से जुड़े मामलों का भी जिक्र किया।

चुग ने कहा कि सीमा पार से मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी तथा संगठित अपराध की चुनौतियों के बीच अपराध, मादक पदार्थ नेटवर्क, तस्करी और राजनीतिक गतिविधियों के संभावित गठजोड़ की आंतरिक सुरक्षा के नजरिए से जांच जरूरी है।

उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पंजाब में ‘‘स्वतंत्र, भयमुक्त और निष्पक्ष’’ माहौल सुनिश्चित करने की मांग की।

भाषा राखी प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में