पणजी, 17 अगस्त (भाषा) स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ‘वंदे मातरम्’ का कथित तौर पर “अपमान” करने को लेकर भाजपा की युवा शाखा के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को गोवा में एक जनसभा के लिए पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के काफिले को रोकने की कोशिश की।
खरगे के गोवा पहुंचने के दौरान डाबोलिम स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के अध्यक्ष तुषार केलकर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
केलकर ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वे राष्ट्रगीत के प्रति खरगे के “अपमानजनक व्यवहार” के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि वंदे मातरम् का सम्मान नहीं करने के कारण कांग्रेस “राष्ट्र विरोधी” रही है।
केलकर ने खरगे से उनके व्यवहार के लिए देश की जनता से माफी मांगने की मांग की।
विरोध प्रदर्शन के बीच खरगे हवाई अड्डे से लगभग 10 किलोमीटर दूर वेरना में होने वाली जनसभा के लिए रवाना हो गए।
प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस और खरगे के खिलाफ नारे लगाते हुए काफिले को रोकने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उनकी कोशिश नाकाम कर दी।
भाजपा ने आरोप लगाया है कि स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राष्ट्रगीत का “पूरी तरह अनादर” किया। कांग्रेस ने इस आरोप से इनकार किया है।
संसद में हाल में एक कानून पारित किया गया था, जिसके तहत ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रगान के बराबर का दर्जा दिया गया है।
भाषा जोहेब माधव
माधव