मुख्य निर्वाचन आयुक्त के कोलकाता पहुंचने पर काले झंडे दिखाये गए
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के कोलकाता पहुंचने पर काले झंडे दिखाये गए
कोलकाता, आठ मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल के तीन दिवसीय दौरे पर आए मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के कोलकाता हवाई अड्डे से अपने होटल के लिए सड़क मार्ग से यात्रा करने के दौरान कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाये और नारेबाजी की।
पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ न्यू टाउन में एक प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के विधायक तापस चटर्जी ने दावा किया कि विरोध प्रदर्शन में सभी वर्गों के लोगों ने भाग लिया।
कुमार आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा के लिए निर्वाचन आयोग के अधिकारियों की एक बैठक में भाग लेने के लिए यहां आये हैं।
भारी संख्या में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को घेर लिया और उन्हें उस मार्ग पर आने से रोक दिया, जिससे होते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त हवाई अड्डे से होटल जा रहे थे।
चटर्जी ने कहा, ‘‘हमारी मुख्यमंत्री मध्य कोलकाता में धरना दे रही हैं। हम यहां मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, जो लोकतंत्र विरोधी और संविधान विरोधी हैं।’’ कुछ प्रदर्शनकारियों ने कुमार के खिलाफ नारे भी लगाए।
मुख्यमंत्री बनर्जी सीईसी के खिलाफ मुखर रही हैं और उन पर भाजपा की ‘‘कठपुतली’’ होने का आरोप लगाया है।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश

Facebook


