जालोर में नर्मदा नहर से महिला, उसकी बेटी और एक युवक के शव मिले

Ads

जालोर में नर्मदा नहर से महिला, उसकी बेटी और एक युवक के शव मिले

  •  
  • Publish Date - March 12, 2026 / 11:39 PM IST,
    Updated On - March 12, 2026 / 11:39 PM IST

जयपुर, 12 मार्च (भाषा) राजस्थान के जालोर जिले में बृहस्पतिवार को एक पुरुष, एक विवाहित महिला और उसकी सात वर्षीय बेटी के शव नर्मदा नहर से बरामद किए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरुष और महिला के बीच प्रेम संबंध था और दोनों ने तड़के नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली।

उसने बताया कि मृतकों की पहचान अमृत भील (27), पारस देवी (30) और उसकी बेटी खुशी (सात) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि पारस देवी की शादी रुदाराम मेघवाल से हुई थी और उसका अमृत भील के साथ कथित रूप से विवाहेतर संबंध था। दोनों के गांव पास-पास बताए जा रहे हैं।

चितलवाना थाना प्रभारी भूराराम ने बताया, ‘‘वे बुधवार रात से ही घरों से लापता थे। मोटरसाइकिल से नहर के पास पहुंचे और उसमें कूद गए। कूदने से पहले उन्होंने खुद को कपड़े से बांध लिया था। मोटरसाइकिल पर उनके आधार कार्ड और मोबाइल फोन मिले हैं।’’

उन्होंने बताया कि शवों को बाहर निकालने के लिए राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम को मौके पर बुलाया गया।

शाम को तीनों शव नहर से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर भेज दिए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा बाकोलिया खारी

खारी