फिनलैंड में दो महीने से अधिक समय से लापता हैदराबाद के छात्र का शव मिला
फिनलैंड में दो महीने से अधिक समय से लापता हैदराबाद के छात्र का शव मिला
हैदराबाद, 11 जुलाई (भाषा) फिनलैंड में इस वर्ष मई में लापता हुए हैदराबाद के 18 वर्षीय एक छात्र का शव हेलसिंकी में समुद्र से बरामद किया गया।
फिनलैंड स्थित भारतीय दूतावास ने उसके परिवार के सदस्यों को यह जानकारी दी।
परिवार के वकील के.एल.बी. कुमार ने शनिवार को बताया कि फिनलैंड स्थित भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को परिवार को भेजे गए एक ईमेल में जानकारी दी कि अधिकारियों ने उन्हें सूचित किया है कि मनीदीप रेड्डी का शव हेलसिंकी में समुद्र से बरामद किया गया है।
रेड्डी, फिनलैंड में ‘सॉफ्टवेयर और सिस्टम्स इंजीनियरिंग’ के स्नातक की पढ़ाई करने गये थे।
वह लाहती के रितानीमेंकातु में रह रहे थे।
कुमार ने बताया कि मनीदीप रेड्डी को आखिरी बार पांच मई को हेलसिंकी के एक मॉल में देखा गया था।
उन्होंने बताया कि परिवार इसे मौत का संदिग्ध मामला मानते हैं।
वकील ने दावा किया कि मामले की उचित तरीके से जांच नहीं की गई।
कुमार ने कहा, ‘‘हमारे मन में कई संदेह हैं। दो महीने बाद शव बरामद हुआ है। हमें लगता है कि मामला संदिग्ध है।’’
उन्होंने केंद्र सरकार से अनुरोध किया कि वह माता-पिता को फिनलैंड जाने, वहां पूछताछ करने और शव को देखने की अनुमति दे।
भाषा
देवेंद्र जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


