ओडिशा: अपनी बेटी के यौन उत्पीड़न के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार, बेटी ने किया आत्मदाह
ओडिशा: अपनी बेटी के यौन उत्पीड़न के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार, बेटी ने किया आत्मदाह
बेहरामपुर,11 जुलाई (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले में पुलिस ने 57 वर्षीय शिक्षक को अपनी बेटी का कई सालों तक यौन उत्पीड़न करने के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार शिक्षक ने बेटी के विवाह के बाद भी उसका यौन उत्पीड़न किया। उसने बताया कि 22 वर्षीय विवाहिता ने बृहस्पतिवार को अपने ससुराल में खुद को आग लगा ली थी, जिससे वह 75 प्रतिशत तक झुलस गई।
उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए भुवनेश्वर के एक अस्पताल में रेफर किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (बेरहामपुर) आलोक जेना ने बताया, ‘‘यौन शोषण का यह मामला तब सामने आया जब पीड़िता ने एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में अपना बयान दर्ज कराते हुए अपने पिता और दो अन्य लोगों के नामों का खुलासा किया। शुरुआती सबूतों के आधार पर आरोपी पिता को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है।’’
उन्होंने बताया कि पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसका पिता शादी के पहले से ही उसका यौन उत्पीड़न कर रहा था और विवाह संपन्न होने के बाद भी यह सिलसिला थमा नहीं।
आत्मघाती कदम उठाने के तात्कालिक कारणों पर जेना ने बताया कि आरोपी पिता ने पीड़िता के ससुर से 10 लाख का कर्ज लिया था, जिसे वह लौटा नहीं पा रहा था।
उन्होंने बताया, ‘‘ जब ससुर ने अपनी बहू से अपने पिता से पैसे वापस मांगने को कहा तो आरोपी पिता ने पैसे देने के बजाय अपनी बेटी को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और उसकी निजी तस्वीरें सार्वजनिक करने की धमकी दी। इस मानसिक प्रताड़ना और धमकी से तंग आकर विवाहिता ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जांच के लिए दो मोबाइल फ़ोन ज़ब्त किए गए – एक पिता का और दूसरा पीड़िता का।’’
उन्होंने यह भी बताया कि निमाखंडी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
भाषा शोभना देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


