ओडिशा: केन्या में इस्कॉन की ‘समय से पहले’ रथयात्रा निकालने के मुद्दे पर जयशंकर से हस्तक्षेप की मांग
ओडिशा: केन्या में इस्कॉन की ‘समय से पहले’ रथयात्रा निकालने के मुद्दे पर जयशंकर से हस्तक्षेप की मांग
भुवनेश्वर, 11 जुलाई (भाषा) केन्या में हाल में इस्कॉन द्वारा आयोजित रथयात्रा में भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों की भागीदारी को लेकर ओडिशा में भगवान जगन्नाथ के श्रद्धालुओं के एक वर्ग ने नाराजगी जताई।
पद्मश्री से सम्मानित रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने शनिवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर से आग्रह किया कि भारतीय राजदूतों और राजनयिकों को केवल उन रथयात्रा समारोहों में भाग लेने की सलाह दी जाए, जो पुरी के श्री जगन्नाथ मंदिर में प्रचलित तिथियों और परंपराओं के अनुसार आयोजित किए जाते हैं।
श्री जगन्नाथ मंदिर प्रबंध समिति (एसजेटीएमसी) के पूर्व सदस्य पटनायक ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि निर्धारित तिथि से अलग निकाली गयी इस रथयात्रा से भगवान जगन्नाथ के करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
पटनायक ने केन्या में भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों की इस कार्यक्रम में भागीदारी पर भी चिंता जताई।
उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने रथयात्रा के दौरान रथ खींचा और इस कार्यक्रम से संबंधित पोस्ट भारतीय उच्चायोग के आधिकारिक सोशल मीडिया खातों पर भी साझा किए।
उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को संबोधित करते हुए ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘कृपया भारतीय दूतावासों और उच्चायोगों को सलाह दें कि ऐसे कार्यक्रमों से जुड़ने से पहले वे पुरी के श्री जगन्नाथ मंदिर की पारंपरिक धार्मिक परंपराओं व तिथियों का समुचित ध्यान रखें। यह दुनिया भर में महाप्रभु श्री जगन्नाथ के लाखों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा विषय है।’’
पटनायक ने कहा कि रथयात्रा सदियों पुरानी जगन्नाथ परंपरा का अभिन्न हिस्सा है और इसका आयोजन निर्धारित धार्मिक पंचांग तथा परंपराओं के अनुरूप ही किया जाना चाहिए।
भाषा जितेंद्र शोभना
शोभना

Facebook


