हरियाणा: विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 22 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में दो गिरफ्तार

Ads

हरियाणा: विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 22 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में दो गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 20, 2026 / 07:37 PM IST,
    Updated On - September 20, 2026 / 07:37 PM IST

हिसार, 20 सितंबर (भाषा) हरियाणा में हिसार पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र देकर 22 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी निवासी अजय मोहपाल और नयी दिल्ली निवासी विकास के रूप में हुई है। दोनों को गुजरात के राजकोट की एक जेल से ‘प्रोडक्शन वारंट’ पर हिसार लाया गया।

प्रोडक्शन वारंट अदालत का वह आदेश है, जिसके तहत जेल में बंद आरोपी को किसी दूसरे मामले में पूछताछ या पेशी के लिए अदालत के सामने लाया जाता है।

ईओडब्ल्यू के उपनिरीक्षक वेद प्रकाश ने रविवार को यहां बताया कि सेक्टर-15 निवासी दिनेश की शिकायत पर 12 जून 2025 को हिसार के सिविल लाइंस थाने में मामला दर्ज किया गया था।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने दिनेश को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर फर्जी नियुक्ति पत्र दिया और प्रक्रिया के नाम पर उससे 22 लाख रुपये ले लिये।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि मामले में नामजद दोनों आरोपी फिलहाल राजकोट की एक जेल में बंद हैं।

इसके बाद ईओडब्ल्यू की टीम ने अदालत से आवश्यक अनुमति लेकर दोनों आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर हिसार लाया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों से धोखाधड़ी में इस्तेमाल किए गए दस्तावेजों, 22 लाख रुपये के लेनदेन, लोगों को विदेश भेजने के लिए बनाए गए नेटवर्क और मामले में शामिल अन्य लोगों के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी।

भाषा प्रचेता सुरेश

सुरेश