(तस्वीरों के साथ)
इंफाल, तीन मई (भाषा) मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में इंफाल हवाई अड्डे के पास संदिग्ध उग्रवादियों ने रविवार को एक बम विस्फोट किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह विस्फोट राज्य में मेइती और कुकी समुदायों के बीच जातीय संघर्ष के तीन वर्ष पूरे होने पर हुआ है।
अधिकारियों ने बताया कि आज यह बम विस्फोट इंफाल हवाई अड्डे से एक किलोमीटर से भी कम दूर सिंगजामेई थानाक्षेत्र के मालोम में एक श्मशान घाट के पास हुआ।
उन्होंने कहा कि विस्फोट में किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की कोई खबर नहीं है।
घटना स्थल ‘प्रादेशिक सेना’ के एक शिविर के भी नजदीक है।
अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के बाद इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है और स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि जांच चल रही है।
प्रतिबंधित संगठन कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी) ने पूर्वाह्न 11:50 बजे हुए इस विस्फोट की जिम्मेदारी ली है।
एक बयान में, केसीपी ने कहा कि उसने राज्य में बार-बार होने वाले बंद, नाकेबंदी और कामकाज ठप्प होने के विरोध में विस्फोट किया, जिससे सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है।
वर्ष 2023 से लेकर अब तक जातीय संघर्षों में कम से कम 260 लोग मारे गए हैं और हजारों निवासी बेघर हो गए हैं।
भाषा
शुभम राजकुमार
राजकुमार