अहमदाबाद हवाई अड्डा को मिली बम की धमकी झूठी साबित हुई; प्राथमिकी दर्ज

अहमदाबाद हवाई अड्डा को मिली बम की धमकी झूठी साबित हुई; प्राथमिकी दर्ज

अहमदाबाद हवाई अड्डा को मिली बम की धमकी झूठी साबित हुई; प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: September 29, 2025 / 05:27 pm IST
Published Date: September 29, 2025 5:27 pm IST

अहमदाबाद, 29 सितंबर (भाषा) अहमदाबाद हवाई अड्डा को बम की धमकी वाला एक ईमेल मिलने के बाद, पुलिस ने इसे भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

हालांकि, बम की धमकी झूठी साबित हुई थी।

अहमदाबाद के हवाई अड्डा पुलिस थाना के निरीक्षक एन.डी. नाकुम ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि व्यक्ति ने देश के कई अन्य हवाई अड्डों तथा सरकारी और निजी प्रतिष्ठानों को भी बम की धमकी वाला ऐसा ही संदेश भेजा था।

प्राथमिकी के अनुसार, रविवार को सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा संदेश भेजा गया था।

ईमेल में लिखा था, ‘‘हवाई अड्डों और स्कूलों के प्रशासकों के लिए संदेश…आपकी इमारतों के आसपास बम रखे गए हैं और आपके पास प्रतिक्रिया के लिए 24 घंटे हैं…मैं एक आतंकवादी समूह का सरगना हूं।’’

प्राथमिकी में कहा गया है कि ईमेल के बारे में पता चलने पर, हवाई अड्डा के अधिकारियों ने तुरंत ‘‘बम धमकी समिति’’ की एक ऑनलाइन बैठक बुलाई और इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि यह एक ‘‘गैर-विशिष्ट बम धमकी’’ थी।

बाद में रात में, हवाई अड्डा के अधिकारियों ने पुलिस से संपर्क किया और एक शिकायत दी, जिसके आधार पर ईमेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

नाकुम ने बताया, ‘‘हवाई अड्डा प्रबंधन द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर, हमने रविवार रात अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। ईमेल के जरिए भेजी गई यह धमकी झूठी साबित हुई। रविवार को अज्ञात व्यक्ति ने इसे कई अन्य हवाई अड्डों और प्रतिष्ठानों को भी भेजा था।’’

पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(4) के तहत दर्ज की गई है, जो ‘‘अनाम या गुप्त संचार के माध्यम से आपराधिक धमकी’’ से संबंधित है।

अधिकारियों ने पहले बताया था कि रविवार सुबह दिल्ली के 300 से अधिक स्कूलों और संस्थानों तथा कई हवाई अड्डों को बम की धमकी मिली, जो बाद में झूठी साबित हुई।

उन्होंने बताया कि धमकी भरे ये संदेश दिल्ली हवाई अड्डा के अलावा देश के अन्य हवाई अड्डों को भी भेजे गए थे।

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में