जयपुर के एसएमएस अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी मिली, आरोपी पकड़ा गया
जयपुर के एसएमएस अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी मिली, आरोपी पकड़ा गया
जयपुर, 13 मई (भाषा) जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से अफरा-तफरी मच गई। जांच के बाद आरोपी को हरियाणा में हिरासत में ले लिया गया जिसे जयपुर लाया जा रहा है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि धमकी भरे संदेश में 40 करोड़ रुपये की मांग की गई और पैसे न देने पर अस्पताल को बम से उड़ाने की बात कही गई।
उन्होंने कहा कि धमकी का संदेश जयपुर पुलिस नियंत्रण कक्ष को मिला, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अस्पताल पहुंचीं तथा तलाशी अभियान शुरू किया।
अधिकारियों ने बताया कि तलाशी अभियान दो-तीन घंटे तक चला, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
पुलिस के अनुसार, सुबह साढ़े पांच से छह बजे के बीच अभय कमांड सेंटर को धमकी भरा फोन आया। साइबर प्रकोष्ठ की मदद से जब फोन करने वाले नंबर की पड़ताल की गई, तो उसकी ‘लोकेशन’ हरियाणा में मिली। इसके बाद जयपुर पुलिस ने तुरंत हरियाणा पुलिस से संपर्क किया और एक विशेष टीम को वहां रवाना किया। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को पूछताछ के लिए जयपुर लाया जा रहा है।
भाषा बाकोलिया मनीषा नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


