‘बूंग’ ने मणिपुरी सिनेमा में बनाया नया रिकॉर्ड; पुन: रिलीज पर एक करोड़ का आंकड़ा पार

Ads

‘बूंग’ ने मणिपुरी सिनेमा में बनाया नया रिकॉर्ड; पुन: रिलीज पर एक करोड़ का आंकड़ा पार

  •  
  • Publish Date - March 15, 2026 / 10:38 PM IST,
    Updated On - March 15, 2026 / 10:38 PM IST

नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) लक्ष्मीप्रिया देवी निर्देशित बाफ्टा पुरस्कार विजेता फिल्म ‘बूंग’ ने मणिपुरी सिनेमा के इतिहास में नया मुकाम हासिल किया है। पुनः रिलीज होने पर यह ऐसी पहली मणिपुरी फिल्म बन गई है, जिसने सिनेमाघरों में एक करोड़ रुपये से अधिक की कमाई का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

‘एक्सेल एंटरटेनमेंट’, ‘चॉकबोर्ड एंटरटेनमेंट’ और ‘सूटेबल पिक्चर्स’ द्वारा निर्मित इस फिल्म ने 22 फरवरी को लंदन के रॉयल फेस्टिवल हॉल में आयोजित बाफ्टा पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ बाल और पारिवारिक फिल्म श्रेणी का सम्मान जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मणिपुरी सिनेमा का नाम रोशन किया।

सिनेमाघरों में छह मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म की कहानी एक छोटे लड़के के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार गुगुन किपगेन ने निभाया है। वह टूटे परिवार को फिर से जोड़ने की ख्वाहिश रखता है। बूंग का पालन-पोषण उसकी अकेली मां मंदाकिनी करती है जिसका किरदार बाला हिजाम निंगथौजम ने निभाया है। अपनी सबसे अच्छी दोस्त के साथ, वह अपने लापता पिता को खोजने के लिए एक यात्रा पर निकलता है। यह फिल्म आशा, दृढ़ता और मां-बेटे के रिश्ते जैसे गहरे एवं महत्वपूर्ण भावनात्मक मुद्दों को बखूबी छूती है।

यह फिल्म लक्ष्मीप्रिया देवी के निर्देशन में बनी उनकी पहली फिल्म है और 2024 में ‘टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’ में इसे दिखाया गया। इसके बाद इसे कई प्रतिष्ठित समारोहों में प्रदर्शित किया गया, जिनमें ‘इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया’ और ‘एमएएमआई मुंबई फिल्म फेस्टिवल’ भी शामिल हैं।

भाषा खारी नेत्रपाल

नेत्रपाल