‘बॉस स्कैम’: साइबर ठग ने कर्मचारी को दिया झांसा, गुजरात की कंपनी को 12 लाख रुपये का नुकसान

Ads

‘बॉस स्कैम’: साइबर ठग ने कर्मचारी को दिया झांसा, गुजरात की कंपनी को 12 लाख रुपये का नुकसान

  •  
  • Publish Date - September 22, 2026 / 08:38 PM IST,
    Updated On - September 22, 2026 / 08:38 PM IST

अहमदाबाद, 22 सितंबर (भाषा) गुजरात की एक निजी कंपनी ‘‘बॉस स्कैम’’ का शिकार बनी है, जिसके तहत एक साइबर ठग ने कंपनी के कर्मचारी को धोखा देकर एक बैंक खाते में तीन करोड़ रुपये हस्तांतरित करा लिए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

साइबर प्रकोष्ठ की त्वरित कार्रवाई के कारण तीन करोड़ रुपये में से दो करोड़ 94 हजार 165 रुपये के हस्तांतरण पर रोक लगा दी गई। इसके बाद, अदालत के आदेश से दो करोड़ 88 हजार 165 रुपये शिकायतकर्ता को वापस कर दिए गए।

‘बॉस स्कैम’ लक्षित साइबर अपराध है, जिसमें जालसाज व्यक्ति खुद को कंपनी का वित्त एवं अकाउंट विभाग का उच्च पदस्थ अधिकारी बताते हुए छल से कंपनी का पैसा हस्तांतरित करा लेता है या महत्वपूर्ण डेटा हासिल करता है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 18 अगस्त को एक जालसाज ने शिकायतकर्ता से व्हाट्सऐप पर संपर्क किया और खुद को उसका बॉस बताया। उसने कर्मचारी को विश्वास में लिया और उसे तुरंत भुगतान या रकम हस्तांतरित करने का निर्देश दिया। कर्मचारी ने कंपनी के बैंक खाते से तीन करोड़ रुपये जालसाज के बताए खाते में भेज दिए।

इस सिलसिले में साइबर अपराध पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

बयान के अनुसार, ‘‘साइबर प्रकोष्ठ की टीम ने साइबर धोखाधड़ी में गंवाए गए तीन करोड़ रुपये में से दो करोड़ 94 हजार 165 रुपये को समय रहते ‘होल्ड’ पर रख दिया। ​​तुरंत कार्रवाई के बाद, आदेश से शिकायतकर्ता को दो करोड़ 88 हजार 165 रु़पये लौटा दिये गए।’’

इसमें कहा गया है कि शेष रकम को बरामद करने की प्रक्रिया जारी है। जांचकर्ता आरोपी का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

भाषा सुभाष नरेश

नरेश

ताजा खबर