भारत की मेजबानी में सोमवार को शुरू होगी ब्रिक्स पर्यावरण कार्य समूह की बैठक

Ads

भारत की मेजबानी में सोमवार को शुरू होगी ब्रिक्स पर्यावरण कार्य समूह की बैठक

  •  
  • Publish Date - August 16, 2026 / 09:40 PM IST,
    Updated On - August 16, 2026 / 09:40 PM IST

नयी दिल्ली, 16 अगस्त (भाषा) भारत की मेजबानी में सोमवार को ब्रिक्स पर्यावरण कार्यसमूह (ईडब्ल्यूजी)और जलवायु परिवर्तन व सतत विकास पर संपर्क समूह की अधिकारी स्तर की बैठक होगी जबकि मंगलवार को सदस्य देशों की 12वीं मंत्री स्तरीय बैठक होगी।

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी एक बयान में कहा गया कि यह कार्यक्रम यहां भारत मंडपम में ‘भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026’ की मुख्य थीम , ‘लचीलेपन, नवोन्मेष, सहयोग और निरंतरता के लिए निर्माण’के तहत आयोजित किया जाएगा।

ब्रिक्स ईडब्ल्यूजी की स्थापना 2015 में मॉस्को में ब्रिक्स पर्यावरण मंत्रियों की पहली बैठक के दौरान की गई थी। इसकी परिकल्पना संगठन के एक ऐसे मंच के तौर पर की गई, जहां सदस्य देश पर्यावरण से जुड़ी बुनियादी प्राथमिकताओं पर ध्यान दे सकें, अपने अनुभव साझा कर सकें, बेहतरीन तौर-तरीकों का आदान-प्रदान कर सकें और सामूहिक कार्रवाई को मजबूत बना सकें।

जलवायु परिवर्तन और सतत विकास पर संपर्क समूह की स्थापना 2024 में ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच जलवायु परिवर्तन के मुद्दों पर सहयोग के लिए एक तंत्र के रूप में की गई थी।

बयान में कहा गया है कि ब्रिक्स पर्यावरण मंत्रियों की बैठक में सदस्य देशों के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, नीति-निर्माता और विशेषज्ञ एक साथ आएंगे ताकि वे अहम मुद्दों पर चर्चा कर सकें, आम सहमति बना सकें और पर्यावरण के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत कर सकें।

इसमें कहा गया है कि वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में एक उद्घाटन सत्र और ब्रिक्स ईब्ल्यूजी तथा जलवायु परिवर्तन और सतत विकास पर संपर्क समूह की प्राथमिकताओं पर चर्चा शामिल होगी।

मंत्रालय ने कहा कि बैठक की प्राथमिकताओं में सतत जीवन-शैली को बढ़ावा देना, पौधारोपण, जंगल की आग का प्रबंधन और आपदाओं का सामना करने की क्षमता विकसित करना शामिल है।

बयान में कहा गया है कि ब्रिक्स पर्यावरण मंत्रियों की बैठक के दौरान परिणामी दस्तावेज़ और विषयगत चर्चाओं पर बातचीत की जाएगी। ये चर्चाएं पर्यावरण सहयोग और सतत विकास के प्रति ब्रिक्स सदस्य देशों की सामूहिक प्रतिबद्धता की जानकारी देंगी। अध्यक्षता के हिस्से के रूप में, भारत ने ब्रिक्स पर्यावरण कार्य समूह के तहत केंद्रित गतिविधियों के लिए चार प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान की है।

भाषा धीरज नरेश

नरेश