बीआरएस अपने बूते तेलंगाना में सरकार बनाएगी: असदुद्दीन ओवैसी

बीआरएस अपने बूते तेलंगाना में सरकार बनाएगी: असदुद्दीन ओवैसी

बीआरएस अपने बूते तेलंगाना में सरकार बनाएगी: असदुद्दीन ओवैसी
Modified Date: November 7, 2023 / 06:42 pm IST
Published Date: November 7, 2023 6:42 pm IST

हैदराबाद, सात नवंबर (भाषा) एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने मंगलवार को कहा कि तेलंगाना में 30 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद के. चंद्रशेखर राव नीत भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) अपने बूते सरकार बनाएगी।

ओवैसी ने कहा कि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) उन सभी नौ सीट पर जीत दर्ज करेगी जहां वह चुनाव लड़ रही है।

हैदराबाद निर्वाचन क्षेत्र के सांसद ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘बीआरएस, इंशा अल्लाह, निश्चित रूप से अपने बल पर सरकार बनाएगी। मुझे पूरा यकीन है कि बीआरएस अपने दम पर सरकार बनाने के लिए पर्याप्त सीट हासिल करेगी। एआईएमआईएम सभी नौ निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल करेगी।’’

तेलंगाना में बीआरएस की सहयोगी पार्टी एआईएमआईएम ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नौ क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं। तेलंगाना में वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में एआईएमआईएम ने सात सीट पर जीत दर्ज की थी।

शहर में घर-घर तक चुनाव प्रचार में जुटे ओवेसी ने कहा, ‘‘यह बहुत अच्छी प्रतिक्रिया है और लोगों का हमारी पार्टी के प्रति प्यार और स्नेह है। मुझे यकीन है कि हमें मिल रहा यह प्यार और स्नेह वोट में बदल जाएगा और हम निश्चित रूप से जीतेंगे।

ओवैसी पहले ही लोगों से अपील कर चुके हैं कि वे जहां भी एआईएमआईएम उम्मीदवार चुनाव लड़ें, उन्हें वोट दें और बाकी सीट पर बीआरएस को वोट दें।

उन्होंने ‘जाति आधारित जनगणना’ नहीं कराने के लिए भाजपा पर हमला किया और कहा कि तेलंगाना में भगवा पार्टी ने एक उच्च जाति के व्यक्ति को पार्टी अध्यक्ष बनाया है।

कांग्रेस नेता कमल नाथ की उस कथित टिप्पणी पर कि भाजपा अयोध्या में राम मंदिर का श्रेय नहीं ले सकती और राजीव गांधी की भूमिका को नहीं भूलना चाहिए, ओवैसी ने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी ने बाबरी मस्जिद के पुनर्निर्माण का जो वादा किया था उसका क्या हुआ।’’

ओवैसी ने कहा कि अब उनके नेता कमल नाथ कहते हैं कि राजीव गांधी ने बाबरी मस्जिद के दरवाजे (ताले) खुलवाए थे, जिसके परिणामस्वरूप अब उस स्थान पर निर्माण हो रहा है जहां कभी बाबरी मस्जिद थी।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि यह कांग्रेस पार्टी का असली चेहरा है।

ओवैसी ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘वे उसी हिन्दुत्व का अनुसरण करते हैं जिसका भाजपा अनुसरण करती है। मेरा मत है कि कांग्रेस ही आरएसस की जननी है और आरएसएस ही भाजपा को संचालित करता है। कांग्रेस का चुनाव चिह्न हाथ का पंजा एक तरह से तेलंगाना में आरएसएस का हाथ है। ’’

ओवैसी ने कहा कि तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख एक रेवंत रेड्डी की पृष्ठभूमि आरएसएस की रही है।

ओवैसी ने यह भी जानना चाहा कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार ने मुसलमानों के लिए चार प्रतिशत आरक्षण बहाल क्यों नहीं किया, जिसे उस राज्य की पिछली भाजपा सरकार ने खत्म कर दिया था।

भाषा संतोष माधव

माधव


लेखक के बारे में