बीएसएनएल का स्वदेशी 4जी नेटवर्क गर्व की बात: मुख्यमंत्री शर्मा
बीएसएनएल का स्वदेशी 4जी नेटवर्क गर्व की बात: मुख्यमंत्री शर्मा
जयपुर, 27 सितंबर (भाषा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को कहा कि सार्वजनिक दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल का स्वदेशी 4जी नेटवर्क देश वासियों के लिए गर्व की बात है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिशा के झारसुगुडा से बीएसएनएल की 4जी नेटवर्क सेवा की शुरुआत की। मुख्यमंत्री शर्मा भी यहां से वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़े रहे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा भारत में बीएसएनएल के 92,633 ‘4जी’ टावरों का उद्घाटन किया गया जिनमें से 5,655 टावर राजस्थान में हैं।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक संख्या नहीं है, यह नवाचार और आत्मनिर्भरता की ओर भारत के बढ़ते कदम है। यह गर्व की बात है कि बीएसएनएल का पूरा ‘4जी स्टैक’ स्वदेशी है जिसे हमारे देश के संस्थानों और कंपनियों ने विकसित किया है।
उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया के उन पांच देशों में शामिल हो गया है जिन्होंने पूरी तरह से स्वदेशी 4जी तकनीक विकसित कर ली है।
आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि तत्कालीन वाजपेयी सरकार ने भारत के स्वदेशी टेलीकॉम को आधुनिक बनाया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद हमारे देश में दूरसंचार में क्रांति आई, टेलीकॉम में तेजी आई और इंटरनेट की पहुंच बढ़ी है। प्रधानमंत्री ने दूरसंचार को राष्ट्र निर्माण, किसानों के सम्मान, महिलाओं के कल्याण और भारत के निर्माण का माध्यम बनाया।
इस अवसर पर केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है।
बीएसएनएल द्वारा सेवा पखवाड़े में इस तरह की सेवा देश को प्रदान किया जाना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इस स्वदेशी तकनीक से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को भी ‘डिजिटल कनेक्टिविटी’ मिल सकेगी।
केन्द्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि स्वदेशी 4जी नेटवर्क की शुरूआत नए भारत के निर्माण तथा ‘मेक इन इंडिया’ पहल में मील का पत्थर साबित होगी। यह आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने की दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रमाण है।
भाषा पृथ्वी राजकुमार संतोष
संतोष

Facebook


